सोशल संवाद/जमशेदपुर: जिला व्यवहार न्यायालय परिसर स्थित बार भवन में गुरुवार को 12वां राष्ट्रीय संविधान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर जमशेदपुर बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं ने केक काटकर एक-दूसरे को बधाई दी। कार्यक्रम में भारतीय संविधान के महत्व और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अधिवक्ताओं की भूमिका पर चर्चा की गई।
यह भी पढे : Jharkhand Holiday Calendar 2027: झारखंड में 41 सरकारी छुट्टियों की लिस्ट जारी, देखें पूरी सूची
संविधान के मूल्यों को याद किया
कार्यक्रम में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रथींद्र नाथ दास, सचिव राजेश रंजन, वरीय अधिवक्ता रतन चक्रवर्ती, पिटवास प्रधान, पूर्व अभियोजन पदाधिकारी सुशील जायसवाल, जगत विजय सिंह, वरीय अधिवक्ता सुधीर कुमार पप्पू और टीएन ओझा ने संयुक्त रूप से केक काटा।
इस दौरान वक्ताओं ने देश की आजादी और संविधान निर्माण में वकीलों और उनके पूर्वजों के योगदान एवं बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस हमें न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे लोकतांत्रिक मूल्यों की याद दिलाता है।
संविधान की रक्षा में अधिवक्ताओं की अहम भूमिका
वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संविधान की रक्षा और उसके आदर्शों को समाज तक पहुंचाने में अधिवक्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। वकील केवल अदालतों में मुकदमे नहीं लड़ते, बल्कि नागरिकों के मौलिक अधिकारों और कमजोर वर्गों को न्याय दिलाने में भी अहम योगदान देते हैं।
कार्यक्रम के दौरान संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ भी किया गया।
इस मौके पर मो. कासिम, संजीव सिंह, कुलबिंदर सिंह, बबीता जैन, विक्रम सिंह, राहुल प्रसाद, सुनील महतो, डालू मंडल, राहुल राय, श्रीकांत सिंह, अरुण सिंह और राजेश समेत कई अधिवक्ता मौजूद रहे।











