सोशल संवाद / चाईबासा: तमिलनाडु के तिरुवल्लूर में अमोनिया गैस रिसाव की घटना से प्रभावित पश्चिमी सिंहभूम जिले के 14 श्रमिकों को सुरक्षित रेस्क्यू कर उनके गृह जिला वापस लाने की व्यवस्था की गई है। जिला प्रशासन की पहल से सभी श्रमिकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जा रही है।
यह भी पढे : अवैध हथियार मामले में रिंकु साहू को 3 साल की सजा, 5 हजार रुपये जुर्माना
जानकारी के अनुसार, सभी 14 श्रमिक रेल मार्ग से पहले राउरकेला पहुंचेंगे। इसके बाद वे अगले दिन सुबह रेल मार्ग से चक्रधरपुर पहुंचेंगे। चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पर जिला प्रशासन की ओर से उनके स्वागत एवं सुरक्षित घर पहुंचाने की पूरी व्यवस्था की गई है।
जिला प्रशासन द्वारा सभी श्रमिकों को उनके संबंधित गांवों तक पहुंचाने के लिए वाहनों की व्यवस्था की गई है। चक्रधरपुर पहुंचने के बाद प्रशासन की निगरानी में सभी श्रमिकों को उनके अपने-अपने घर सुरक्षित भेजा जाएगा।
गौरतलब है कि तमिलनाडु के तिरुवल्लूर में अमोनिया गैस रिसाव की घटना के बाद वहां कार्यरत पश्चिमी सिंहभूम के श्रमिक प्रभावित हुए थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद जिला प्रशासन लगातार संबंधित अधिकारियों के संपर्क में रहा और श्रमिकों की सुरक्षित वापसी के लिए आवश्यक कदम उठाए। अब सभी श्रमिक सुरक्षित अपने घर लौट रहे हैं, जिससे उनके परिजनों ने राहत की सांस ली है।










