सोशल संवाद / जमशेदपुर : एमजीएम कॉलेज में एमबीबीएस के नए बैच-2026 के छात्रों के साथ रैगिंग के मामले में 17 छात्रों पर बड़ी कार्रवाई की गई है। सभी को छात्रावास से निष्कासित कर दिया गया है। साथ ही 25-25 हजार का जुर्माना लगाया गया है और 15 दिनों तक कॉलेज की पढ़ाई से निष्कासित किया गया है। कॉलेज की एंटी-रैगिंग कमेटी ने सोमवार देर शाम यह निर्णय लिया। नए सत्र के छात्रों के साथ रैगिंग में कॉलेज में पहली बार इस स्तर पर कार्रवाई की गई है। कार्रवाई संबंधी पत्र सभी छात्रों को मंगलवार तक दे दिया जाएगा।
इतना ही नहीं 2024 बैच के 14 छात्रों को 8 अक्तूबर से होने वाली पीरियॉडिकल परीक्षा देने से रोक दिया गया है। वहीं, 2025 के तीन छात्र, जिनकी परीक्षा हो चुकी है, उनके रिजल्ट को रोकने के लिए कोल्हान विश्वविद्यालय को कहा गया है। इन्हें जुर्माना की राशि तीन दिन में जमा करनी है। वे अगले दो साल तक कॉलेज की गतिविधि का प्रतिनिधित्व नहीं कर सकेंगे। कार्रवाई की जद में 2024 बैच के 14 और 2025 बैच के तीन छात्र हैं। जानकारी के अनुसार, 27 और 30 सितंबर को नए छात्रों के साथ पुराने छात्रों ने रैगिंग की थी। ऑडियो रिकार्डिंग और सीसीटीवी के आधार पर पहचान की गई। मामले में एंटी रैगिंग कमेटी की शनिवार को एसडीएम के साथ बैठक प्रस्तावित थी, सोमवार को भी प्राचार्य की अध्यक्षता में कमेटी की बैठक हुई।
जांच रिपोर्ट एनएमसी को भेज दी गई है। छात्रों के करियर को ध्यान में रखते हुए उनपर कार्रवाई की गई है। छात्र नियमों का पालन करें। ऐसा नहीं करने पर उन्हे बख्शा नहीं जाएगा।
– अर्णव मिश्रा, एसडीएम
अभिभावकों को बुलाया गया, कोई नहीं पहुंचा
कॉलेज प्रबंधन ने कार्रवाई से पहले सभी संबंधित छात्रों के अभिभावकों को सोमवार को कॉलेज बुलाया था, लेकिन किसी भी छात्र के अभिभावक नहीं पहुंचे। सूत्रों के अनुसार, उपलब्ध साक्ष्यों की समीक्षा और एनएमसी के दिशा-निर्देशों के आधार पर कमेटी ने कार्रवाई का निर्णय लिया है।
छात्रों की निगरानी में तैनात 3 होमगार्ड जवानों को हटाया
छात्रों की निगरानी में तैनात तीन होमगार्ड जवानों को भी ड्यूटी से हटा दिया गया है। उनकी जगह नए जवानों को तैनात किया गया है। एंटी रैगिंग कमेटी का फ्लाइंग स्क्वैड औचक निरीक्षण करेगा। कैमरा से हटाकर शिकायत पेटिका रखी जाएगी ताकि छात्र बिना भय के उसमें शिकायत कर सकें। थाना भी पेट्रोलिंग करती रहेगी।











