सोशल संवाद / जमशेदपुर : कोल्हान विश्वविद्यालय के सातवें दीक्षांत समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। विश्वविद्यालय परिसर स्थित वीर शहीद पोटो हो सभागार में 29 सितंबर को होने वाले समारोह में 224 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। समारोह के मुख्य अतिथि झारखंड के राज्यपाल-सह-कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार होंगे। कुलपति प्रो. (डॉ.) अंजिला गुप्ता – विश्वविद्यालय की वार्षिक उपलब्धियों और प्रगति का प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगी।
यह भी पढे : करंट से मादा हाथी और दो शावकों की मौत
रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में कुलपति ने बताया कि मुख्य समारोह सुबह 10.30 बजे शुरू होगा। सभी उपाधि प्राप्तकर्ताओं को सुबह 9 बजे तक सभागार में अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी। इस बार समारोह में 26 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किया जाएगा। इनमें पीजी सत्र 2023-25 के 23, एमएड के एक, बीएड के एक और एमबीए सत्र 2022-24 का एक विद्यार्थी शामिल है। स्वर्ण पदक पाने वालों में 15 छात्राएं और 11 छात्र हैं। इसके अलावा 39 शोधार्थियों को पीएचडी, 132 और यूवी लाइट में दिखाई देने वाला अदृश्य विद्यार्थियों को पीजी, 10 को एमएड और 17 विद्यार्थियों को पीजी मेडिकल डिप्लोमा की उपाधि दी जाएगी।
ड्रेस कोड के साथ सख्त होगी प्रवेश व्यवस्था: समारोह में शामिल विद्यार्थियों के लिए ड्रेस कोड तय किया गया है। छात्रों को सफेद कुर्ता-पायजामा, जबकि छात्राओं को क्रीम या ऑफ व्हाइट साड़ी के साथ लाल/सुनहरे बॉर्डर
अथवा सफेद/ऑफ-व्हाइट सलवार सूट के साथ लाल दुपट्टा पहनना होगा। सभागार में काले रंग के कपड़े या सामान की अनुमति नहीं होगी। मोबाइल समेत किसी भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, बैग और छाते को अंदर ले जाने पर रोक रहेगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों से समय पर पहुंचने और निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की है।
क्यूआर कोड से होगा डिग्री का डिजिटल सत्यापन
दीक्षांत समारोह की खासियत इस बार नई तकनीक से तैयार डिग्री होगी। विश्वविद्यालय पहली बार क्यूआर कोड युक्त सुरक्षित डिग्री की शुरुआत कर रहा है। क्यूआर कोड स्कैन करने पर संबंधित विद्यार्थी की उपाधि और उपलब्ध शैक्षणिक विवरण का डिजिटल सत्यापन किया जा सकेगा। डिग्री को वाटर प्रूफ और फायर प्रूफ बनाने के साथ सुरक्षा वाटर मार्क, माइक्रो टेक्स्ट, हाई-रिजोल्यूशन प्रिजमैटिक पैटर्न लोगो भी शामिल किया गया है।











