सोशल संवाद / रांची : झारखंड में होमगार्ड जवान बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है. लातेहार जिले में ग्रामीण और शहरी गृह रक्षकों के कुल 457 रिक्त पदों पर नामांकन के लिए विज्ञापन जारी किया गया है. इसमें महिला और पुरुष दोनों अभ्यर्थियों को आवेदन का मौका मिलेगा. वहीं, गढ़वा जिले में पूर्व में निकली होमगार्ड बहाली के तहत जारी अभ्यर्थियों की सूची में त्रुटि सुधारने के लिए दावा-आपत्ति मांगी गई है.
यह भी पढे : रांची के 2.55 लाख पेंशनधारियों के खाते में पहुंची दो महीने की पेंशन, 51 करोड़ रुपये जारी
लातेहार जिला समादेष्टा, झारखंड गृह रक्षा वाहिनी की ओर से जारी विज्ञापन संख्या 01/2026 के अनुसार, जिले के विभिन्न प्रखंडों में ग्रामीण गृह रक्षकों के 446 पदों पर नामांकन किया जाएगा. इनमें पुरुषों के लिए 225 और महिलाओं के लिए 221 पद निर्धारित हैं.
सरयू प्रखंड में सबसे अधिक 110 पद
प्रखंडवार रिक्तियों की बात करें तो लातेहार के सरयू प्रखंड में सबसे अधिक 110 पद हैं. इनमें 55 पुरुष और 55 महिला अभ्यर्थियों का नामांकन होगा. इसके अलावा हेरहंज में 50, गारू में 41, बरवाडीह में 39, चंदवा में 38, महुआडांड़ में 37, बारियातू में 36, लातेहार में 33, बालूमाथ में 32 और मनिका में 30 पद रिक्त हैं.
शहरी क्षेत्र में भी 11 पद
ग्रामीण क्षेत्रों के अलावा शहरी गृह रक्षकों के 11 पदों पर भी नामांकन होगा. इनमें शहरी तकनीकी श्रेणी में पुरुषों और महिलाओं के तीन-तीन पद हैं. वहीं, शहरी गैर तकनीकी श्रेणी में पुरुषों के तीन और महिलाओं के दो पद निर्धारित किए गए हैं. विज्ञापन के मुताबिक, ग्रामीण और शहरी दोनों श्रेणियों में 50 प्रतिशत पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं. महिलाओं के लिए आरक्षित पदों में पांच प्रतिशत पद तलाकशुदा, परित्यक्ता और विधवा महिलाओं के लिए भी सुरक्षित रहेंगे.
स्वयंसेवी संगठन है गृह रक्षा वाहिनी
विज्ञापन में स्पष्ट किया गया है कि गृह रक्षा वाहिनी एक स्वयंसेवी संगठन है. गृह रक्षक इसके स्वयंसेवी सदस्य होते हैं. जरूरत के अनुसार उन्हें ड्यूटी पर लगाया जाता है और कार्य दिवसों के लिए सरकार द्वारा निर्धारित दर से भत्ता दिया जाता है. इसे नियमित सरकारी नौकरी या आजीविका का स्थायी साधन नहीं माना जाएगा. इसलिए ऐसे अभ्यर्थियों से आवेदन की अपेक्षा की गई है, जो देश और समाज की सेवा के लिए तत्पर हों.
गढ़वा के अभ्यर्थियों को 10 नवंबर तक मौका
इधर, गढ़वा जिले में गृह रक्षक नव-नामांकन विज्ञापन संख्या 01/2025 के तहत जारी अभ्यर्थियों की सूची में किसी प्रकार की अंकगणितीय या तकनीकी त्रुटि होने पर दावा-आपत्ति मांगी गई है. जिला चयन समिति के आदेश के अनुसार, अभ्यर्थी एक नवंबर से 10 नवंबर 2026 शाम पांच बजे तक साक्ष्य के साथ अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं. इसके लिए अभ्यर्थियों को निर्धारित ई-मेल के माध्यम से प्रखंडवार दावा-आपत्ति भेजनी होगी. संबंधित ई-मेल आईडी गढ़वा जिले की आधिकारिक वेबसाइट www.garhwa.nic.in और झारखंड गृह रक्षा वाहिनी की वेबसाइट recruitment.jharkhand.gov.in पर उपलब्ध कराई गई है.
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के बाद किसी भी तरह की आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी. आवेदन के साथ संलग्न प्रमाण-पत्रों से अलग किसी अन्य दस्तावेज को दावा-आपत्ति में स्वीकार नहीं किया जाएगा. दावा-आपत्ति के निपटारे के बाद योग्य अभ्यर्थियों के लिए शारीरिक जांच परीक्षा, लिखित परीक्षा, तकनीकी और दक्षता परीक्षा आयोजित की जाएगी. इसकी संभावित तिथि दिसंबर 2026 के पहले सप्ताह में रखी गई है.











