सोशल संवाद /डेस्क : केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को मुर्गियों व पक्षियों को बर्ड फ्लू की बीमारी से बचाने के लिए विकसित पहला स्वदेशी टीका एचऽएन1 चिकन वैक्सीन राष्ट्र को समर्पित किया। इसकी एक खुराक की कीमत एक से दो रुपये के बीच होगी।
यह भी पढे : रेलवे कर्मचारियों को राहत बिना परीक्षा मिलेगा प्रमोशन
भोपाल स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद-राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चौहान ने कहा कि स्वदेशी टीका बर्ड फ्लू की रोकथाम और पशु स्वास्थ्य सुरक्षा के क्षेत्र में भारत की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। बर्ड फ्लू से मुर्गियों की बड़े पैमाने पर मौत और पोल्ट्री किसानों को आर्थिक क्षति होती है। कृषि मंत्रालय के अफसरों ने बताया कि यह टीका भोपाल आईसीएआर-राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान ने स्वदेशी रूप से विकसित है।
2006 में आया था प्रकोपः
केंद्रीय मंत्री चौहान के कहा कि भारत में बर्ड फ्लू का पहला प्रकोप 2006 में महाराष्ट्र के नवापुर में सामने आया था, जहां करीब 10 लाख मुर्गियां मरी थीं। इसके बाद 2021 में नौ लाख और इस वर्ष दो लाख मुर्गियों की मौत हुई।
अपनी तरह का पहला टीका
केंद्रीय कृषि मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि यह टीका भारत में अत्यधिक रोगजनक एवियन इन्फ्लुएंजा (एचपीएआई) वायरस के क्लेड 2.3.2.1ए के विरुद्ध विकसित अपनी तरह का पहला टीका है। एचपीएआई को आमतौर पर बर्ड फ्लू कहा जाता है और यह मुर्गियों और अन्य पक्षियों को प्रभावित करने वाली एक गंभीर बीमारी है। इसके प्रकोप से संक्रमित पक्षियों की मौत हो सकती है।











