सोशल संवाद / डेस्क : क्रिकेट के मैदान पर कभी-कभी ऐसे कारनामे देखने को मिलते हैं, जो लंबे समय तक याद रखे जाते हैं। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 में रेलवे के तेज गेंदबाज जमशेद आलम ने ऐसा ही शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने अपने टी-20 डेब्यू मैच में सौराष्ट्र के खिलाफ लगातार चार गेंदों पर चार विकेट लेकर इतिहास रच दिया।
यह भी पढे : IND A vs PAK A Weather Report: भारत-पाकिस्तान मैच में बारिश की कितनी संभावना? जानें दोहा का मौसम
23 साल के जमशेद आलम ने अपनी गेंदबाजी से सौराष्ट्र के बल्लेबाजों को संभलने का मौका तक नहीं दिया। खास बात यह है कि उन्होंने अपने पहले ही टी-20 मैच में पांच विकेट हासिल किए।
लगातार चार गेंदों पर चार बल्लेबाज आउट
रेलवे और सौराष्ट्र के बीच यह मुकाबला इंदौर के डेली कॉलेज ग्राउंड पर खेला गया। रेलवे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 182 रन बनाए।
183 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सौराष्ट्र की टीम के खिलाफ जमशेद आलम ने पारी के चौथे ओवर में कमाल कर दिया। उन्होंने लगातार चार गेंदों पर हार्विक देसाई, प्रेरक मांकड़, रुचिट अहीर और सम्मर गज्जर को आउट कर दिया।
इसके बाद अगले ओवर में सिद्धार्थ राणा का विकेट लेकर अपना पांच विकेट का आंकड़ा पूरा किया।
टी-20 डेब्यू पर बनाया खास रिकॉर्ड
जमशेद आलम लगातार चार गेंदों पर चार विकेट लेने वाले सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के तीसरे गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले अभिमन्यु मिथुन और दर्शन नालकंडे भी यह कारनामा कर चुके हैं।
वहीं, टी-20 डेब्यू पर पांच विकेट लेने वाले वह भारत के छठे गेंदबाज बने हैं। उनकी इस शानदार गेंदबाजी ने मुकाबले का रुख ही बदल दिया।
रेलवे ने 29 रन से जीता मुकाबला
जमशेद आलम की घातक गेंदबाजी के सामने सौराष्ट्र की टीम लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी। रेलवे ने यह मुकाबला 29 रनों से जीत लिया। जमशेद आलम ने चार ओवर में 38 रन देकर पांच विकेट अपने नाम किए।
अपने पहले ही टी-20 मैच में ऐसा प्रदर्शन कर जमशेद आलम ने क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।











