सोशल संवाद / डेस्क : नौकरी छोड़ने वाले कर्मचारियों के लिए पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने ग्रेच्युटी को लेकर अहम फैसला सुनाया है। अदालत ने स्पष्ट किया है कि किसी कर्मचारी ने पांच साल की सेवा पूरी नहीं की है, लेकिन पांचवें वर्ष में 240 दिनों से अधिक काम किया है, तो वह ग्रेच्युटी पाने की हकदार हो सकती है। कोर्ट ने यह भी कहा कि कर्मचारी के इस्तीफा देने से ग्रेच्युटी पाने का अधिकार खत्म नहीं होता।
यह भी पढ़े : ₹30,000 Subsidy Scheme 2026: हर नागरिक को पैसे देने का दावा फर्जी, PIB ने किया खुलासा
हाई कोर्ट ने एमएस टेनॉन फैसिलिटी मैनेजमेंट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की याचिका खारिज करते हुए कर्मचारी को ग्रेच्युटी देने के पहले के आदेशों में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया।
क्या है ग्रेच्युटी से जुड़ा पूरा मामला?
यह मामला एक महिला कर्मचारी से जुड़ा है, जिसे 22 सितंबर 2014 को कंपनी में मानव संसाधन प्रमुख के पद पर नियुक्त किया गया था। महिला कर्मचारी ने 2 अप्रैल 2019 को ईमेल के जरिए 60 दिनों का नोटिस देकर इस्तीफा दे दिया था।
कंपनी ने उसी दिन उसका इस्तीफा स्वीकार कर लिया और 30 अप्रैल 2019 को कार्यमुक्त करने की तारीख तय कर दी। साथ ही, नोटिस अवधि के शेष समय के बदले एक महीने का वेतन भी दिया गया। हालांकि, कंपनी ने 28 मई 2019 को महिला कर्मचारी को सेवा प्रमाणपत्र और कार्यमुक्ति पत्र जारी किया।
महिला कर्मचारी का कहना था कि उसके नियुक्ति पत्र के अनुसार नोटिस पीरियड 60 दिनों का था। इसलिए उसकी सेवा अवधि 28 मई 2019 तक मानी जानी चाहिए। इसी आधार पर उसने ग्रेच्युटी भुगतान की मांग की।
कंपनी को 3.51 लाख रुपये ग्रेच्युटी देने का आदेश
महिला कर्मचारी ने ग्रेच्युटी के लिए नियंत्रक प्राधिकारी के सामने दावा पेश किया था। 2 अगस्त 2021 को प्राधिकारी ने कंपनी को 2,88,462 रुपये ग्रेच्युटी और 63,053 रुपये ब्याज के रूप में देने का आदेश दिया। इस तरह कुल भुगतान 3,51,515 रुपये तय किया गया।
आदेश में यह भी कहा गया कि भुगतान में देरी होने पर ग्रेच्युटी की मूल राशि पर 10 प्रतिशत सालाना ब्याज देना होगा। कंपनी ने इस फैसले को चुनौती दी, लेकिन 7 अक्टूबर 2022 को उसकी अपील भी खारिज कर दी गई।
कंपनी ने हाई कोर्ट में क्या दलील दी?
कंपनी ने हाई कोर्ट में कहा कि महिला कर्मचारी ने केवल चार साल और 216 दिन काम किया था। कंपनी के मुताबिक, नोटिस पीरियड के बदले दिया गया वेतन वास्तविक सेवा अवधि में शामिल नहीं किया जा सकता। इसलिए कर्मचारी पांच साल की अनिवार्य सेवा पूरी नहीं करने के कारण ग्रेच्युटी की हकदार नहीं है।
हालांकि, हाई कोर्ट ने सुनवाई के दौरान कंपनी के गवाह के बयान पर भी गौर किया। जिरह में गवाह ने 60 दिनों के नोटिस पीरियड की बात स्वीकार की थी।
हाई कोर्ट ने 240 दिन के नियम को लेकर क्या कहा?
अदालत ने उपलब्ध तथ्यों के आधार पर महिला कर्मचारी की सेवा अवधि चार साल और 249 दिन मानी। इसमें पांचवें वर्ष के दौरान 240 दिनों से अधिक काम शामिल था। हाई कोर्ट ने ग्रेच्युटी भुगतान अधिनियम की धारा 2-ए (2) का हवाला देते हुए कहा कि निर्धारित दिनों तक काम करने की स्थिति में कर्मचारी की सेवा को निरंतर सेवा माना जा सकता है।
अदालत ने स्पष्ट किया कि केवल पांच साल पूरे नहीं होने के आधार पर ग्रेच्युटी का दावा खारिज नहीं किया जा सकता। साथ ही, इस्तीफा देना भी कर्मचारी को इस वैधानिक लाभ से वंचित करने का आधार नहीं है।
नौकरी छोड़ने वाले कर्मचारियों के लिए क्यों अहम है यह फैसला?
इस फैसले से उन कर्मचारियों को राहत मिल सकती है, जिन्होंने पांच साल से कुछ कम समय तक नौकरी की है, लेकिन पांचवें वर्ष में निर्धारित 240 दिनों से अधिक काम किया है।
हालांकि, ग्रेच्युटी की पात्रता का फैसला कर्मचारी की वास्तविक सेवा अवधि, लागू कानूनी प्रावधानों और मामले के तथ्यों के आधार पर होगा। इसलिए नौकरी छोड़ने से पहले कर्मचारी अपने नियुक्ति पत्र, नोटिस पीरियड और सेवा से जुड़े दस्तावेज जरूर जांच लें।











