सोशल संवाद / जमशेदपुर : आपदा प्रबंधन योजनाओं और राहत कार्यों में ट्रांसजेंडर समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए शनिवार को होटल दयालजीत, जुगसलाई में “झारखंड में समावेशी आपदा प्रबंधन पर गठबंधन निर्माण” विषय पर परामर्श बैठक आयोजित हुई. यह आयोजन People for Change ने Collective Good Foundation, RiseUp Together और Cummins India की CSR पहल के सहयोग से किया. सुबह 11:00 बजे से दोपहर 4:00 बजे तक चली इस बैठक में झारखंड के विभिन्न जिलों से 50 से अधिक प्रतिभागी शामिल हुए, जिनमें समुदाय के सदस्य, विभिन्न एनजीओ, विभिन्न सीबीओ, नागरिक समाज और मीडिया प्रतिनिधि शामिल रहे. प्रदान, आदर्श सेवा संस्थान, युवा, Jamshedpur Queer Circle, अन्वेषा, CINI, गूंज और PHIA सहित कई संगठनों के प्रतिनिधि भी चर्चा में जुड़े.
यह भी पढ़े : जाकिरनगर में कपाली नाला पर नवनिर्मित पुल का सरयू राय ने किया उद्घाटन
आपदा और ट्रांसजेंडर समुदाय की चुनौतियां
बैठक में बाढ़, गर्मी, वज्रपात, भारी बारिश और सूखे जैसी आपदाओं के दौरान ट्रांसजेंडर समुदाय की चुनौतियों पर विचार हुआ. राहत शिविरों में भेदभाव, सुरक्षित स्थान की कमी, पहचान पत्र व दस्तावेजों की समस्या, सरकारी योजनाओं तक पहुंच में बाधा और स्वास्थ्य सेवाओं की निरंतरता जैसे मुद्दों को प्रमुख रूप से उठाया गया. वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि भले ही आपदा प्रबंधन अधिनियम में किसी के साथ भेदभाव न होने का प्रावधान है, लेकिन जमीनी धरातल पर ट्रांसजेंडर समुदाय के साथ भेदभाव होता है. अधिनियम में औपचारिक रुप से ट्रांसजेंडर समुदाय को शामिल किए जाने का कोई स्पष्ट उल्लेख नहीं है.
पैनल चर्चा
“When the Weather Turns: Transgender Lives, Climate Risk and the Role of the State” विषय पर हुई पैनल चर्चा का संचालन People for Change के संस्थापक एवं निदेशक सौविक साहा ने किया. पैनल में, पूर्णिमा, लखी दास, नवीन, सुरभि, बेबो, अशोक जोसेफ, अन्नी अमृता(मीडिया प्रतिनिधि) और विकास(मीडिया प्रतिनिधि) शामिल रहे. चर्चा में COVID-19 लॉकडाउन के दौरान आजीविका, भोजन, भेदभाव और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी दिक्कतों के साथ-साथ हार्मोन थेरेपी, HIV सेवाओं, मानसिक स्वास्थ्य सहायता और पारंपरिक बधाई कार्य पर पड़ने वाले असर पर बात हुई.
कार्यक्रम में खास तौर पर शामिल मशहूर सामाजिक कार्यकर्ता अल्पना भट्टाचार्या ने कहा कि ट्रांसजेंडर समुदाय के प्रति समाज में संवेदनशीलता बढाने की जरुरत है. जितनी संवेदनशीलता बढेगी, उतना ही उनके हित में कार्य होंगे. उन्होंने कहा कि उसके लिए सबसे जरुरी है कि समाज के शिक्षित लोगों की चेतना को जागृत किया जाए.
Four Walls गतिविधि
पैनल के बाद हुई “Four Walls” गतिविधि में प्रतिभागियों को गर्मी व कामकाज, वज्रपात व बाढ़, सूखा व आजीविका, आवास व विस्थापन, दस्तावेज व पेंशन तथा राहत शिविरों में स्वास्थ्य व सम्मान जैसे छह विषयों पर बांटा गया. समूहों ने वर्तमान स्थिति, चुनौतियों, आवश्यकताओं और आगे की कार्ययोजना पर विचार साझा किए.
सरकार तक सुझाव भेजे जाएंगे
आयोजकों के अनुसार, चर्चा और गतिविधि से प्राप्त सुझावों के आधार पर मांग-पत्र तैयार कर संबंधित सरकारी विभागों को सौंपा जाएगा, ताकि ट्रांसजेंडर समुदाय को विशेष संवेदनशील समूह के रूप में पहचान मिले और नीतियों में उनकी भागीदारी तय हो सके.











