सोशल संवाद / रांची : झारखंड में एक बार फिर कड़ाके की ठंड दस्तक देने वाली है। राजधानी रांची, पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर), पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा), गुमला और बोकारो जैसे जिलों में न्यूनतम तापमान में तेज गिरावट शुरू हो रही है। पिछले कुछ दिनों की राहत भरी ठंड के बाद अब मौसम विभाग ने साफ संकेत दिए हैं कि अगले 48 घंटों में तापमान में 4 से 5 डिग्री की गिरावट दर्ज की जाएगी। इसके साथ ही राज्य में शीतलहर और घने कोहरे की स्थिति बननी शुरू हो जाएगी।

ये भी पढे : जमशेदपुर में धीमी योजनाओं पर सख्त हुए विधायक सरयू राय, बोले अब प्रशासन पर रहेगा कड़ा दबाव
तापमान गिरना शुरू
रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अभी तक कई जिलों में न्यूनतम तापमान 13°C से 15°C के बीच बना हुआ था। लेकिन, उत्तर-पश्चिमी हवाओं की सक्रियता बढ़ने के बाद तापमान में तेजी से गिरावट शुरू होगी। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि हवा की दिशा और गति में बदलाव के कारण रात के तापमान पर सीधा प्रभाव देखा जाएगा। आज से ही 2°C की गिरावट दर्ज होने की संभावना है। उदाहरण के तौर पर रांची का न्यूनतम तापमान घटकर 12°C तक आ सकता है। गुमला और खूंटी जैसे जिलों में तापमान 10–11°C तक नीचे जा सकता है। वर्तमान में ये तापमान 13–14°C के आसपास है।
बढ़ेगी शीतलहर, कोहरा बनेगा चुनौती
राज्य में पिछले कुछ दिनों से दिन में धूप खिली हुई थी, जबकि सुबह–शाम हल्की ठंड के कारण मौसम सुहाना बना हुआ था। लेकिन, अब परिस्थितियां बदलेंगी। मौसम विभाग के अनुसार शाम 5 बजे के बाद तेज शीतलहर चलेगी। सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।दृश्यता में कमी के कारण लोगों को आवाजाही में दिक्कत हो सकती है
अगले दो दिनों का पूर्वानुमान?
मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि अगले 48 घंटों में झारखंड के अधिकांश जिलों में ठंड चरम पर होगी। तापमान में लगातार गिरावट और हवा की तेजी से कड़ाके की सर्दी का असर बढ़ेगा। साथ ही, जिन क्षेत्रों में तापमान 10 डिग्री के आसपास पहुंच जाएगा, वहां शीतलहर की स्थितियां और अधिक प्रबल होंगी।








