सोशल संवाद/डेस्क: घाटशिला स्थित सोना देवी विश्वविद्यालय में द्वितीय वार्षिक उत्सव ‘शंखनाद 2.0’ का आयोजन भव्य और उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। 23 दिसंबर 2025 को विश्वविद्यालय परिसर में दीप प्रज्वलन के साथ समारोह का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर विद्यार्थियों, शिक्षकों और अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

यह भी पढ़ें: बिदेसिया ने उभारी पलायन-विरह की टीस, सशक्त अभिनय ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के कुलाधिपति श्री प्रभाकर सिंह ने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए शिक्षा के प्रति गंभीर होना आवश्यक है। उन्होंने दिवंगत शिक्षा मंत्री स्वर्गीय रामदास सोरेन को याद करते हुए कहा कि उन्होंने हर कदम पर सहयोग दिया और क्षेत्र के विद्यार्थियों को शिक्षित बनाने का उनका सपना अवश्य पूरा होगा। श्री सिंह ने बताया कि ई-कल्याण योजना के अलावा विश्वविद्यालय SDUSAT छात्रवृत्ति योजना चला रहा है, जिसके तहत विद्यार्थी केवल एक सेमेस्टर की फीस देकर पूरी पढ़ाई कर सकते हैं, ताकि आर्थिक तंगी के कारण किसी की शिक्षा बाधित न हो।
समारोह के मुख्य अतिथि घाटशिला विधायक श्री सोमेस चंद्र सोरेन ने कहा कि उनके पिता स्वर्गीय रामदास सोरेन इस क्षेत्र को शिक्षा का केंद्र बनाना चाहते थे। उन्होंने बताया कि मुसाबनी में डिग्री कॉलेज की स्थापना की गई है और भविष्य में घाटशिला में मेडिकल कॉलेज लाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की ई-कल्याण योजना के माध्यम से पिछड़े वर्ग के विद्यार्थियों को शिक्षा से जोड़ा जा रहा है।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. ब्रजमोहन पत पिंगुआ ने कहा कि सोना देवी विश्वविद्यालय की स्थापना क्षेत्र के लोगों के शैक्षिक और आर्थिक विकास के उद्देश्य से की गई है और विश्वविद्यालय निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
इस अवसर पर सहायक कुलसचिव श्रीमती अर्चना सिंह ने विश्वविद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ चरित्र निर्माण पर भी जोर देता है। विभिन्न संस्थानों के साथ किए गए एमओयू के तहत विद्यार्थियों को इंटर्नशिप और प्रशिक्षण की सुविधा दी जाएगी। साथ ही जल्द ही लॉ और नर्सिंग कोर्स शुरू करने की योजना है।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में संस्कृत विभाग के विद्यार्थियों द्वारा स्तुति पाठ, संगीत विभाग द्वारा कुलगीत, इतिहास विभाग द्वारा घाटशिला के इतिहास की प्रस्तुति और छात्राओं द्वारा नृत्य कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। अंत में मुख्य अतिथि द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।










