सोशल संवाद/डेस्क : महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर दलमा पहाड़ की चोटी पर स्थित प्रसिद्ध दलमा पाठ शिव थान में रविवार, 15 फरवरी को भव्य पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर झारखंड के अलावा ओडिशा, पश्चिम बंगाल और आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। पर्व को लेकर दलमा क्षेत्र में अभी से धार्मिक उत्साह और चहल-पहल का माहौल देखा जा रहा है।

ये भी पढे : दलमा क्षेत्र की रक्षा को लेकर 25 फरवरी को महा सम्मेलन, जल–जंगल–जमीन बचाने सड़कों पर उतरेंगे लोग
महाशिवरात्रि को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और भक्तिमय वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से दलमा पाठ शिव थान सेवा समिति ने अनुमंडल पदाधिकारी, चांडिल को एक लिखित आवेदन सौंपा है। समिति ने प्रशासन से श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारू यातायात व्यवस्था, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, पेयजल, चिकित्सा सुविधा तथा आपातकालीन सेवाएं सुनिश्चित करने की मांग की है।
सेवा समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, हर वर्ष महाशिवरात्रि पर दलमा पहाड़ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। दूर-दराज से आने वाले भक्त कठिन पहाड़ी रास्तों को पार कर शिव थान पहुंचते हैं और जलाभिषेक कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। ऐसे में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए प्रशासनिक सहयोग बेहद जरूरी है।

समिति ने विशेष रूप से पहाड़ी मार्गों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने की मांग की है। साथ ही महिला श्रद्धालुओं और बुजुर्ग भक्तों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
सेवा समिति के सदस्यों ने विश्वास जताया है कि प्रशासन समय रहते आवश्यक कदम उठाएगा, जिससे महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा, भक्ति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके। इस अवसर पर सेवा समिति के वरिष्ठ सदस्य राधेश्याम भूमिज, दलमा टाइगर सुकलाल पहाड़िया, सुशेन सिंह सरदार, देवनाथ सिंह सरदार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। महाशिवरात्रि को लेकर पूरे दलमा क्षेत्र में धार्मिक उत्साह चरम पर है और शिवभक्तों में इस पावन पर्व के प्रति विशेष उल्लास देखा जा रहा है।










