सोशल संवाद/डेस्क : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को विधानसभा में वित्त वर्ष 2026-27 का बजट पेश किया। इस बार सरकार ने 1 लाख 3 हजार 700 करोड़ रुपए का बजट पेश किया है। सीएम ने अपने संबोधन में कहा कि इस बजट को लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ‘ग्रीन बजट’ के रूप में तैयार किया गया है। इसी के तहत कुल बजट का 21 प्रतिशत हिस्सा पर्यावरण के लिए निर्धारित किया गया है।

बजट में एजुकेशन के लिए 19 हजार करोड़ का आवंटित किए गए हैं। नई योजना में 10वीं क्लास में मेरिट में आने वाले में सभी स्टूडेंट्स को लैपटॉप दिया जाएंगे। वहीं, 9वीं क्लास में पढ़ने वाली सभी बच्चियों को मुफ्त साइकिल दिए जाने की घोषणा की गई है।
PWD के लिए 5,921 करोड़ रुपए आवंटित
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के लिए 5,921 करोड़ रुपए का फंड आवंटित किए गए हैं। इसके साथ ही शहरी विकास के लिए 7,887 करोड़, यमुनापार के लिए 300 करोड़, झुग्गी विकास के लिए 800 करोड़, ग्रामीण विकास के लिए 787 करोड़ और विकास विभाग के लिए 914 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
जेनेटिक बीमारियों के लिए ‘अनमोल’ योजना
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि जब कोई बच्चा घर में जन्म लेता है तो वह परिवार के लिए अनमोल होता है। बच्चे में कई बार जेनेटिक बीमारी होती है, लेकिन इसका पता बाद में चलता है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए जेनेटिक बीमारियों की जांच के लिए 25 करोड़ रुपए का बजट आवंटित किया गया है। गर्भ में ही जेनेटिक बीमारियों के पता लगाने के लिए सभी 56 टेस्ट सरकार करवाएगी।









