सोशल संवाद/डेस्क: देश के पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को तीन राज्यों में मिली जीत के बाद झारखंड में भी जश्न का माहौल देखने को मिला। चंदनकियारी के सुभाष चौक पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का उत्सव मनाया।

यह भी पढ़ें: BJP-NDA की जीत पर सत्या शर्मा ने MCD कर्मियों संग जश्न मनाया, मिठाई बांट खुशी जताई
इस दौरान झारखंड के पूर्व नेता प्रतिपक्ष और प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने कार्यकर्ताओं के साथ खुशी साझा की। उन्होंने बताया कि वे पिछले कुछ महीनों से पश्चिम बंगाल के बांकुरा में पार्टी के प्रचार और चुनाव कार्य में सक्रिय रूप से जुड़े हुए थे।
मीडिया से बातचीत में बाउरी ने कहा कि इन चुनावों में भाजपा को जनता का व्यापक समर्थन मिला है। उन्होंने असम में पार्टी की दोबारा सरकार बनने और पुडुचेरी में सरकार गठन की संभावना को जनता के भरोसे का परिणाम बताया। वहीं पश्चिम बंगाल को लेकर उन्होंने इसे ऐतिहासिक जीत करार दिया।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से चली आ रही राजनीति में बदलाव की मांग जनता कर रही थी और अब वहां लोकतांत्रिक तरीके से नई सरकार बनने का रास्ता साफ हुआ है। बाउरी ने इस जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी नेतृत्व की रणनीति को दिया।
अमर बाउरी ने कहा कि यह जीत जनता की जीत है और कार्यकर्ताओं की मेहनत का नतीजा है। उन्होंने पश्चिम बंगाल की जनता का आभार जताते हुए कहा कि यह परिणाम बदलाव की दिशा में एक बड़ा कदम है। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे और पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा गया।









