सोशल संवाद / चांडिल: सामाजिक सेवा और जनकल्याण के कार्यों के लिए प्रसिद्ध शनिदेव भक्त मंडली (ट्रस्ट) ने रक्तदान जागरूकता अभियान को आगे बढ़ाते हुए चौका हाई स्कूल भवन परिसर में पहली बार विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया। यह शिविर सदर अस्पताल, रांची के सहयोग से संपन्न हुआ, जिसमें क्षेत्र के युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

शिविर का संचालन मुख्य रूप से युवा समाजसेवी आकाश महतो एवं मंडली के सदस्य गुरुचरण साव के नेतृत्व में किया गया। सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चले इस रक्तदान शिविर में भीषण गर्मी और उमस के बावजूद रक्तदाताओं का उत्साह देखने लायक रहा।
92 यूनिट रक्त संग्रह कर स्थापित किया नया कीर्तिमान
आयोजकों के अनुसार, शिविर में कुल 92 यूनिट रक्त संग्रह किया गया, जो क्षेत्र में आयोजित रक्तदान शिविरों के लिए एक उल्लेखनीय उपलब्धि मानी जा रही है। रक्तदान करने पहुंचे युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मानव सेवा के इस अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई।
सदर अस्पताल की टीम का मिला सहयोग
रक्तदान शिविर को सफल बनाने में सदर अस्पताल, रांची की चिकित्सा टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस दौरान डॉ. शिव पूजन सिंह मुंडा के नेतृत्व में लैब टेक्नीशियन और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने रक्त संग्रह और स्वास्थ्य जांच की जिम्मेदारी निभाई। टीम में इमरान अंसारी, बिजेंद्र कुमार, रविंदर महतो, महेश महतो, मनोरंजन महतो, विरषा तिर्की, ऋतुराज, मंटू कुमार, चंदन कुमार, बिरजू, अनिल पाहन एवं पवन कुमार मुंडा सहित कई कर्मी शामिल रहे।
समाजसेवियों और मंडली सदस्यों की रही सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम में मंडली के संस्थापक, संरक्षक एवं सदस्यों के साथ कई समाजसेवी उपस्थित रहे। इनमें आकाश महतो, गुरुचरण साव, मिथुन चंद्र महतो, प्रशांत मंडल, नवीन दास, मिथुन रूही दास, अशोक गोराई, मंटू सिंह मोदक, सुदीप महतो, बीबी लाल पाल और अमित प्रामाणिक सहित अन्य लोगों ने आयोजन को सफल बनाने में योगदान दिया।
20 सितंबर 2026 को लगेगा अगला रक्तदान शिविर
शनिदेव भक्त मंडली (ट्रस्ट) ने जानकारी दी कि संस्था का अगला रक्तदान शिविर 20 सितंबर 2026 को पुनः चौका हाई स्कूल परिसर में आयोजित किया जाएगा। संस्था ने अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की मदद करने की अपील की है।
रक्तदान महादान है और ऐसे आयोजन समाज में मानवता, सहयोग और सेवा की भावना को मजबूत करने का कार्य करते हैं।










