सोशल संवाद / जमशेदपुर: जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष परविंदर सिंह ने भाजपा द्वारा बुलाए गए बंद को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि पिछले तीन दिनों से पूर्वी सिंहभूम की आम जनता पहले ही भारी परेशानियों का सामना कर रही है। व्यापार, शिक्षा, यातायात और लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हुआ है। ऐसे समय में भाजपा द्वारा बंद का आह्वान करना जनहित नहीं, बल्कि राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश प्रतीत होता है।

यह भी पढे : प्रशासन की मौजूदगी में हुई घटना बेहद निंदनीय, पीड़ित परिवार से मिले सामाजिक कार्यकर्ता ओम शंकर गुप्ता
परविंदर सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन लगातार हालात सामान्य करने में जुटा हुआ है और राज्य सरकार भी पूरे मामले को गंभीरता से लेकर कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और इसी संवेदनशीलता के तहत संबंधित एसएसपी का तबादला भी किया गया है।
उन्होंने भाजपा पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी के पास तीन-तीन पूर्व मुख्यमंत्री रहे हैं और उनके शासनकाल में भी जमशेदपुर सहित राज्य के कई हिस्सों में गंभीर आपराधिक घटनाएं हुईं। ऐसे मामलों में क्या कभी किसी आईपीएस अधिकारी के खिलाफ इतनी त्वरित कार्रवाई की गई थी? भाजपा को पहले इसका जवाब देना चाहिए।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि जब पीड़ित परिवार प्रशासन की पहल पर सहमत हो चुका है, आवश्यक दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर चुका है और एक घायल व्यक्ति अभी भी अस्पताल में उपचाराधीन है, तब लगातार बंद और आंदोलन के जरिए आम लोगों को परेशान करना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जनता की भावनाओं का इस्तेमाल राजनीतिक फायदे के लिए कर रही है।
परविंदर सिंह ने भाजपा नेताओं के दोहरे रवैये पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जिस बार का मालिक भाजपा से जुड़ा बताया जा रहा है, उसके खिलाफ पार्टी ने अब तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं की। उन्होंने यह भी पूछा कि निर्दोष हिमांशु के कथित हत्यारों की पैरवी रांची और सरायकेला से कौन कर रहा है, इस पर भाजपा को जनता के सामने जवाब देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का स्पष्ट मत है कि किसी भी दुखद घटना पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। न्याय की मांग हर नागरिक का अधिकार है, लेकिन न्याय के नाम पर आम जनजीवन को बाधित करना, लोगों को परेशानी में डालना और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है।
अंत में कांग्रेस ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही सभी सामाजिक और राजनीतिक संगठनों से शांति, भाईचारे और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।
कांग्रेस ने अपने बयान में दोहराया कि “हिमांशु के परिवार और पूर्वी सिंहभूम की जनता को बंद नहीं, न्याय चाहिए। जनता को अशांति नहीं, शांति चाहिए।”










