सोशल संवाद / डेस्क : जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के सामने पीसीआर वैन में मौजूद पुलिसकर्मियों की उपस्थिति में हिमांशु सिंह एवं प्रत्यूष सिंह पर अपराधियों द्वारा चाकू से हमला किए जाने की घटना ने पूरे झारखंड को झकझोर दिया है। इस हमले में हिमांशु सिंह की मृत्यु हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल प्रत्यूष सिंह का कोलकाता के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।

यह भी पढे : यूपी में 4 साल बाद हो रही TET परीक्षा:1.85 लाख टीचर्स भी नौकरी बचाने के लिए हो रहे शामिल
घटना की जानकारी मिलते ही जनसेवा में समर्पित सामाजिक कार्यकर्ता ओम शंकर गुप्ता जमशेदपुर के आदित्यपुर स्थित दिवंगत हिमांशु सिंह के आवास पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और इस दुख की घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस दौरान ओम शंकर गुप्ता ने कहा कि यदि पुलिस की मौजूदगी में भी अपराधी इस प्रकार की वारदात को अंजाम देने में सफल हो जाते हैं, तो यह कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने इस घटना को अत्यंत निंदनीय बताते हुए कहा कि ऐसी परिस्थितियों में आम नागरिकों के मन में अपनी सुरक्षा को लेकर स्वाभाविक चिंता उत्पन्न होती है।
उन्होंने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन से मांग की कि इस मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और लोगों का कानून-व्यवस्था पर विश्वास बना रहे।










