सोशल संवाद / नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने श्रीराम मंदिर से जुड़े कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर बड़ा अभियान शुरू करने की घोषणा की है। उन्होंने रविवार को दिल्ली के रोहिणी स्थित जापानी पार्क में सुंदरकांड पाठ आयोजित करने और इसके बाद देशभर में सिग्नेचर कैंपेन चलाने का ऐलान किया।

केजरीवाल ने कहा कि रविवार सुबह 10 बजे रोहिणी सेक्टर-10 के जेएमडी टेंट में सुंदरकांड पाठ होगा। इसके बाद हनुमान जी का आशीर्वाद लेकर देशभर में हस्ताक्षर अभियान शुरू किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि राम मंदिर से जुड़े कथित मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि श्रीराम मंदिर से जुड़े कथित भूमि खरीद, निर्माण कार्यों और चढ़ावे से संबंधित मामलों में गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं, लेकिन इन मामलों में निष्पक्ष जांच नहीं हो रही है।
उन्होंने कहा कि कथित घोटालों से जुड़े दस्तावेज सार्वजनिक होने के बावजूद न तो उचित जांच हुई और न ही दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की गई। उनका आरोप है कि केवल कुछ कर्मचारियों पर कार्रवाई कर बड़े जिम्मेदार लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है।
देशभर में चलेगा हस्ताक्षर अभियान
अरविंद केजरीवाल ने बताया कि सुंदरकांड पाठ के बाद देशभर में सिग्नेचर कैंपेन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह केवल आम आदमी पार्टी का कार्यक्रम नहीं होगा, बल्कि सभी श्रद्धालु और राम भक्त इसमें भाग ले सकते हैं।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत लोगों से प्रधानमंत्री के नाम एक पत्र पर हस्ताक्षर करवाए जाएंगे। इसके लिए घर-घर जाकर लोगों से संपर्क किया जाएगा। साथ ही विभिन्न स्थानों पर हनुमान चालीसा पाठ और भगवान श्रीराम की आरती का आयोजन भी किया जाएगा।
प्रधानमंत्री को भेजे जाएंगे हस्ताक्षरित पत्र
केजरीवाल ने कहा कि देशभर से एकत्र किए गए सभी हस्ताक्षरित पत्र प्रधानमंत्री को भेजे जाएंगे। उनका कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य राम मंदिर से जुड़े कथित मामलों में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करना है।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में सुंदरकांड पाठ और हस्ताक्षर अभियान में शामिल होकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।










