सोशल संवाद / जमशेदपुर : प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए पिछले माह मुसाबनी में करंट लगने से दिवंगत हुए दैनिक भास्कर के पत्रकार स्वर्गीय मृत्युंजय सिंह के परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान की। क्लब के पदाधिकारी उनके आवास पहुंचे और उनकी पत्नी को 1 लाख रुपये का सहयोग चेक सौंपा।

प्रेस क्लब की ओर से दी गई यह सहायता राशि क्लब से जुड़े पत्रकारों के स्वैच्छिक योगदान से एकत्रित की गई थी। इस पहल का उद्देश्य शोकाकुल परिवार को कठिन समय में आर्थिक और नैतिक सहयोग प्रदान करना है।
इस अवसर पर प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर के अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, सचिव विनय पूर्ति, कोषाध्यक्ष अजय महतो, राजेश सिंह, विनय उपाध्याय, रवि शंकर, मुरारी प्रसाद सिंह, जुबैर सिद्दीकी, रणधीर सिंह, अरविंद प्रसाद और सुशील अग्रवाल मौजूद रहे।
प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने स्वर्गीय मृत्युंजय सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रेस क्लब भविष्य में भी हर संभव सहयोग के लिए परिवार के साथ खड़ा रहेगा।










