सोशल संवाद / गोइलकेरा: पश्चिमी सिंहभूम के गोइलकेरा स्थित प्लस टू हाई स्कूल परिसर में रविवार को कोल्हान वन प्रमंडल के तत्वावधान में 77वें वन महोत्सव का आयोजन उत्साह और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ किया गया। कार्यक्रम में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी मुख्य अतिथि तथा मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जगत माझी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कोल्हान वन प्रमंडल पदाधिकारी कुलदीप मीणा भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा पारंपरिक आदिवासी नृत्य और स्वागत गीत से हुई। इसके बाद अतिथियों ने विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश दिया। इस अवसर पर लाभुक ग्रामीणों के बीच विभिन्न परिसंपत्तियों का भी वितरण किया गया।
‘जंगल, जल और जमीन हमारी सबसे बड़ी धरोहर’
मुख्य अतिथि सांसद जोबा माझी ने कहा कि जंगल, जल और जमीन हमारी सबसे बड़ी धरोहर हैं। उन्होंने कहा कि प्रकृति का संतुलन बनाए रखने के लिए वनों का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और घटते वन क्षेत्र को गंभीर चुनौती बताते हुए उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने घर, खेत, विद्यालय और सार्वजनिक स्थानों पर पौधरोपण कर आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित वातावरण तैयार करने में योगदान देना चाहिए।
वन जीवन का आधार हैं: जगत माझी
विशिष्ट अतिथि विधायक जगत माझी ने कहा कि वन केवल पेड़ों का समूह नहीं, बल्कि मानव जीवन का आधार हैं। वन हमें स्वच्छ हवा, जल, औषधियां और समृद्ध जैव विविधता प्रदान करते हैं।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं से संभव नहीं है, बल्कि इसमें आम लोगों की सक्रिय भागीदारी सबसे जरूरी है। यदि हर व्यक्ति वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी सुरक्षा का संकल्प ले, तो पूरा क्षेत्र हरा-भरा बन सकता है। उन्होंने ग्रामीणों और विद्यार्थियों से वन आग, अवैध कटाई और अतिक्रमण रोकने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
पौधरोपण के साथ देखभाल भी जरूरी
कोल्हान वन प्रमंडल पदाधिकारी कुलदीप मीणा ने कहा कि वन महोत्सव का उद्देश्य लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और व्यापक स्तर पर पौधरोपण को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उनकी नियमित देखभाल भी उतनी ही आवश्यक है।
कार्यक्रम में वन क्षेत्र पदाधिकारी रामनंदन राम ने स्वागत भाषण दिया, जबकि शिव कुमार महतो ने मंच संचालन किया।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी विवेक कुमार, प्रखंड प्रमुख निरूमणी कोड़ाह, जिला परिषद सदस्य ज्योति मेराल, शिव रतन नायक, झामुमो नेता अकबर खान, सेवानिवृत्त रेंजर परमानंद रजक, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और ग्रामीण उपस्थित रहे।









