सोशल संवाद /डेस्क: शहीद निर्मल महतो की स्मृति और उनके संघर्षों को सम्मान देने के उद्देश्य से समाजसेवी चंदन यादव और सपना यादव ने विशेष श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान सनातन धर्म की परंपरा के अनुसार पूजा-अर्चना कर शहीद निर्मल महतो को नमन किया गया और देश की आन, बान और शान तिरंगा उन्हें समर्पित किया गया।

यह भी पढ़े : प्रेस क्लब के सदस्यों को मिलेगी निःशुल्क OPD सेवा, 13 चिकित्सक जुड़े; मेडिकल बुक लॉन्च
चंदन यादव और सपना यादव ने कहा कि निर्मल महतो केवल एक नेता नहीं, बल्कि झारखंड के शोषित और वंचित लोगों की आवाज थे। उन्होंने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों, खासकर आदिवासी और दलित समाज के अधिकारों के लिए संघर्ष किया और अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद की।
उन्होंने कहा कि निर्मल महतो के विचार और उनके संघर्ष आज भी झारखंड के लोगों के लिए प्रेरणा हैं। आज जरूरत है कि नेता जी के इतिहास और उनके मार्गदर्शन को केवल श्रद्धांजलि कार्यक्रमों तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उनके विचारों को अपने जीवन में उतारा जाए।
समाजसेवियों ने कहा कि हर साल श्रद्धांजलि के अवसर पर नेता और राजनीतिक दल निर्मल महतो की तस्वीर पर माल्यार्पण करते हैं, लेकिन उन्हें उचित राष्ट्र सम्मान दिलाने की मांग को लेकर गंभीर प्रयास कम ही दिखाई देते हैं। इसी उद्देश्य से उन्होंने इस दिशा में आवाज उठाने की शुरुआत की है।
चंदन यादव और सपना यादव ने कहा कि यह पहल सिर्फ एक व्यक्ति या परिवार तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। झारखंड का हर बच्चा और हर परिवार शहीद निर्मल महतो के संघर्ष, विचार और इतिहास को जाने और उनके सम्मान की आवाज को आगे बढ़ाए।
उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में झारखंड के लोग एकजुट होकर शहीद निर्मल महतो को उचित सम्मान दिलाने की इस मुहिम को मजबूत करेंगे।









