सोशल संवाद / जमशेदपुर: Jharkhand में राशन कार्डधारकों के लिए जरूरी खबर है। अगर आपने पिछले 6 महीने से जनवितरण प्रणाली (PDS) की दुकान से राशन नहीं लिया है, तो आपका राशन कार्ड 1 अक्टूबर 2026 से अस्थायी रूप से निष्क्रिय किया जा सकता है। ऐसे कार्डधारकों के पास कार्ड को सक्रिय रखने के लिए 30 सितंबर तक राशन उठाने का मौका है।
30 सितंबर तक राशन उठाना जरूरी
खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग ऐसे राशन कार्डों को निष्क्रिय करने की तैयारी कर रहा है, जिनसे लगातार छह महीने तक राशन का उठाव नहीं हुआ है। अगर आपका कार्ड भी इस श्रेणी में आता है, तो 30 सितंबर से पहले अपने नजदीकी PDS डीलर से राशन का उठाव कर लेना बेहतर होगा। इससे कार्ड सक्रिय बना रहेगा।
1 अक्टूबर से कार्ड हो जाएगा निष्क्रिय
विभाग के अनुसार, 1 अक्टूबर 2026 से छह महीने से राशन नहीं लेने वाले कार्ड अस्थायी रूप से इन-एक्टिव किए जाएंगे। ऐसे कार्ड को दोबारा चालू कराने के लिए लाभुकों को ई-केवाईसी और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
कार्ड बंद होने के बाद मिलेगा 3 महीने का समय
अगर किसी का राशन कार्ड 1 अक्टूबर से निष्क्रिय हो जाता है, तो उसे दोबारा सक्रिय कराने के लिए 1 अक्टूबर 2026 से 1 जनवरी 2027 तक का समय दिया जाएगा। इस दौरान लाभुक को बायोमेट्रिक ई-केवाईसी करानी होगी। साथ ही विभाग की ओर से लाभुकों का ग्राउंड वेरिफिकेशन भी किया जाएगा।
ई-केवाईसी नहीं कराई तो स्थायी रूप से बंद हो सकता है कार्ड
1 जनवरी 2027 तक अगर संबंधित लाभुक ई-केवाईसी और जरूरी सत्यापन पूरा नहीं करता है, तो राशन कार्ड स्थायी रूप से ब्लॉक किया जा सकता है। इसके बाद राशन की सुविधा भी बंद हो सकती है।
सरकार ने क्यों लिया यह फैसला?
सरकार का उद्देश्य लंबे समय से राशन नहीं लेने वाले निष्क्रिय, फर्जी या अपात्र लाभुकों की पहचान करना है। विभाग की जांच में यह बात सामने आई है कि कुछ लोग राशन का उठाव नहीं करते, लेकिन राशन कार्ड का इस्तेमाल दूसरी सरकारी योजनाओं में पात्रता दस्तावेज के रूप में करते हैं।
इस अभियान के जरिए सरकार पात्र लाभुकों की पहचान कर राशन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाने और खाद्यान्न की बर्बादी रोकने की कोशिश कर रही है। यह कार्रवाई केंद्र सरकार की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के तहत की जा रही है।
राशन कार्डधारक अभी क्या करें?
अगर आपने पिछले छह महीने से राशन नहीं लिया है, तो 30 सितंबर से पहले अपने नजदीकी PDS डीलर के पास जाकर राशन का उठाव कर लें। इससे कार्ड को निष्क्रिय होने से बचाने में मदद मिलेगी और आगे ई-केवाईसी व सत्यापन की प्रक्रिया से बचा जा सकेगा।










