सोशल संवाद / जमशेदपुर : बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत क्षेत्र में चोरों ने एक सेवानिवृत्त आर्मी जवान के बंद पड़े घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। घटना बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत के ब्लॉक नंबर 14/2/3, रोड नंबर-1 स्थित पानी टंकी के सामने की है, जहां रहने वाले सेवानिवृत्त सैनिक श्रवण कुमार के घर में चोरी की वारदात सामने आई है।
यह भी पढे : सोना ₹1036 गिरकर ₹1.51 लाख पर आया:इस महीने ₹5 हजार सस्ता हो चुका
श्रवण कुमार पिछले करीब दो माह से अस्वस्थ थे और इलाज के लिए रांची के एक अस्पताल में भर्ती थे। मंगलवार को देर शाम इलाज के बाद जब वह अपने घर लौटे तो घर के भीतर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। घर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और कई कमरों के ताले तथा सामान टूटे-बिखरे मिले। इसके बाद उन्होंने घर की जांच की तो बड़े पैमाने पर चोरी का पता चला।
पीड़ित के मुताबिक चोर घर से लगभग 30 से 32 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, बर्तन, चार पंखे, इनवर्टर, बिजली के तार, स्विच बोर्ड, टीवी, स्टेबलाइजर, पानी का मोटर तथा बाथरूम और बेसिन में लगे नल तक उखाड़कर ले गए। इसके अलावा आर्मी सेवा से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज, जमीन के कागजात और बैंक संबंधी जरूरी कागजात भी चोरी कर लिए गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत के मुखिया राजकुमार गोड, उपमुखिया संतोष ठाकुर, वार्ड प्रतिनिधि राकेश सिंह और राजकुमार सिंह मौके पर पहुंचे। जनप्रतिनिधियों ने मामले की जानकारी तत्काल बागबेड़ा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पहुंची और प्रारंभिक जांच शुरू की।
मुखिया राजकुमार गोड और उपमुखिया संतोष ठाकुर ने घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र में इस तरह की बड़ी चोरी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कर जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी तथा चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर सुराग तलाशने का प्रयास कर रही है। क्षेत्रवासियों ने भी चोरी की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताते हुए रात्रि गश्त और निगरानी व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की मांग की है।










