सोशल संवाद/जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित मरीन ड्राइव के जंगल में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बिंदल मॉल के उडुपी रेस्टोरेंट में हुई फायरिंग के आरोपी दो कथित शूटर अजीत मंडल और मोहन यादव घायल हो गए। दोनों के पैर में गोली लगी है। उन्हें इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह भी पढे : अधिराज मित्रा ने रचा इतिहास, बने नेशनल अंडर-17 ओपन चेस चैंपियन
हथियार बरामद करने जंगल पहुंची थी पुलिस
पुलिस के अनुसार, बिंदल मॉल फायरिंग मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस को वारदात में इस्तेमाल हथियार के बारे में जानकारी मिली थी। आरोपियों ने हथियार को मरीन ड्राइव के जंगल में छिपाए जाने की बात बताई थी।
इसके बाद पुलिस टीम दोनों आरोपियों को हथियार बरामद करने के लिए जंगल लेकर पहुंची थी। पुलिस का दावा है कि इसी दौरान आरोपियों ने एक पुलिसकर्मी से पिस्टल छीन ली और पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों के पैरों में गोली लगी।
दोनों तरफ से हुई फायरिंग
मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद पुलिस ने इलाके को घेर लिया और मौके से हथियार बरामद किए। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू की।
26 सितंबर को बिंदल मॉल में हुई थी ताबड़तोड़ फायरिंग
बता दें कि 26 सितंबर 2026 को सोनारी स्थित बिंदल मॉल के उडुपी रेस्टोरेंट में दिनदहाड़े फायरिंग हुई थी। पुलिस के अनुसार, तीन अपराधी बाइक से पहुंचे थे और उनमें से दो ने रेस्टोरेंट के अंदर जाकर गोलीबारी की थी। घटना में चार लोग घायल हुए थे। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई थी।
फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित की थी। पुलिस ने शूटरों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज करते हुए आरोपियों पर इनाम भी घोषित किया था।
पुलिस की कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप
बिंदल मॉल फायरिंग के बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। अब दो कथित शूटरों के मुठभेड़ में घायल होने के बाद मामले की जांच को अहम सफलता मिली है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग की पूरी साजिश के पीछे कौन-कौन लोग शामिल थे और हथियार कहां से उपलब्ध कराए गए।
फिलहाल अजीत मंडल और मोहन यादव का एमजीएम अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।











