सोशल संवाद/रांची : Ranchi के JSCA इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 9 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले दूसरे T20 इंटरनेशनल मुकाबले को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। खिलाड़ियों की सुरक्षा से लेकर दर्शकों की भीड़, ट्रैफिक और स्टेडियम में प्रवेश तक हर स्तर पर विशेष तैयारी की जा रही है।
यह भी पढे : चाईबासा में भूकंप के झटके, गड़गड़ाहट के साथ हिली धरती; सहमे लोग घरों से निकले बाहर
स्टेडियम में लगाए गए 150 CCTV कैमरे
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए स्टेडियम के अंदर और आसपास करीब 150 CCTV कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा दर्शक दीर्घा और मैदान के बीच पहली बार तार वाली बैरिकेडिंग भी की गई है। इसका उद्देश्य दर्शकों को मैदान में प्रवेश करने से रोकना और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना है।
खिलाड़ियों के लिए अलग सुरक्षित रूट
दोनों टीमों के खिलाड़ियों के रांची पहुंचने के बाद एयरपोर्ट से होटल और होटल से JSCA स्टेडियम तक आने-जाने के लिए विशेष रूट तय किए गए हैं। इन रास्तों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती होगी। खिलाड़ियों की प्रैक्टिस और मैच के दौरान भी सुरक्षा का विशेष इंतजाम रहेगा।
बिना टिकट स्टेडियम के आसपास नहीं जुट सकेंगे दर्शक
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध टिकट या अधिकृत पास के स्टेडियम में प्रवेश नहीं मिलेगा। बिना टिकट लोगों को स्टेडियम के आसपास भी जमा नहीं होने दिया जाएगा। दर्शकों को निर्धारित गेट से कतार में प्रवेश दिया जाएगा। गेट दोपहर 3 बजे से खुलने की जानकारी प्रशासन ने दी है।
टिकट ठगी और कालाबाजारी पर भी नजर
पुलिस टिकटों की कालाबाजारी और ऑनलाइन साइबर ठगी पर भी निगरानी रख रही है। क्रिकेट प्रेमियों से अपील की गई है कि वे केवल अधिकृत माध्यम से टिकट खरीदें और सोशल मीडिया पर मिलने वाले संदिग्ध लिंक या ऑफर से बचें।
ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष फोकस
मैच के दौरान बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था के लिए भी विशेष प्लान तैयार किया गया है। पुलिस प्रमुख चौक-चौराहों पर तैनात रहेगी और खिलाड़ियों के काफिले के लिए निर्धारित रूट को सुचारू रखने की व्यवस्था की जाएगी। दर्शकों से निर्धारित पार्किंग का इस्तेमाल करने और ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की गई है।
ड्रोन पर भी रहेगी निगरानी
मैच के दौरान JSCA स्टेडियम और आसपास ड्रोन गतिविधियों पर भी विशेष नजर रखी जाएगी। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट की निकटता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां एयरपोर्ट प्रबंधन के साथ समन्वय कर रही हैं।











