सोशल संवाद / नई दिल्ली : यमुना को साफ करने का फर्जी दावा कर रही भाजपा सरकार का झूठ गुरुवार को तब बेनकाब हो गया, जब हजारों की संख्या में मरी हुई मछलियां यमुना के प्रदूषित पानी के ऊपर तैरती मिली। आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भाजपा का यमुना का झूठा नैरेटिव बेनकाब हो गया है। प्रदूषण के कारण यमुना में हजारों मछलियों की मौत हो गई है।
यह भी पढ़े : ICSE ISC Board Exam 2027: 10वीं-12वीं की डेटशीट जारी, फरवरी से शुरू होंगी परीक्षाएं
मंत्री प्रवेश वर्मा काफी बौखलाए हुए हैं, क्योंकि साफ यमुना का उनका झूठा नैरेटिव (दावा) बेनकाब हो गया है। मंत्री प्रवेश वर्मा बता कि मैं कहां से हज़ारों मरी हुई मछलियां लेकर आऊंगा और कैसे और कब यमुना में डालूंगा? कृपया प्रवेश वर्मा अपनी बात को स्पष्ट करें। मेरे और आम आदमी पार्टी के लोगों के विषय में आपकी बात झूठ है। अगर प्रवेश वर्मा के पास कोई सीसीटीवी वीडियो है तो दिखाएं।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि पहले तो भाजपा की दिल्ली सरकार ने झूठ बोला कि उसने यमुना नदी को साफ कर दिया है। लेकिन यमुना के सभी जानकार जानते हैं कि पल्ला से शुरू हो रही यमुना वजीराबाद तक सोनिया विहार का पूरा इलाका हमेशा से ही साफ रहता था। यमुना में पहला नाला वजीराबाद में जुड़ता है। उसके बाद यमुना में गंदगी बढ़ती है। नाले से पहले यमुना हमेशा साफ रही है। दूसरा, यमुना के अंदर मरी हुई मछलियां मिली हैं। इसकी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मछलियां क्यों मरी? प्रदूषण की वजह से मछलियां मरी हैं या कोई गलत केमिकल डाला गया है, जिससे पानी प्रदूषित हुआ।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि यमुना में मरी मछलियों की पूरी जिम्मेदारी दिल्ली सरकार को लेनी चाहिए, लेकिन मंत्री प्रवेश वर्मा कह रहे हैं कि सौरभ भारद्वाज ने मरी हुई मछलियां डाल दी। ऐसे में प्रवेश वर्मा को बताना चाहिए कि हमने ये हजारों की संख्या में मरी हुई इन मछलियों को हमने कहां से खरीदी है। इतनी तादात में मछलियां लाने के लिए हमें समुंद्र या दिल्ली के किसी बड़ी बाजार से लेनी होगी। उन्होंने कहा कि पूरी दिल्ली में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। प्रवेश वर्मा कोई सीसीटीवी फुटेज दिखाएं कि कहां मैंने मरी हुई मछलियां डाली है।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि प्रवेश वर्मा ने हमेशा से झूठ की राजनीति की है और अभी भी कर रहे हैं। अभी तक प्रवेश वर्मा यमुना को साफ करने के विषय में झूठ बोल रहे थे, पिछले साल नकली यमुना बनाकर झूठ बोलने की कोशिश की, जिसे आम आदमी पार्टी ने पकड़ ली। अब जब यमुना में मरी हुई मछलियां पकड़ ली है तो प्रवेश वर्मा बौखला गए हैं और अनाप-शनाप बोल रहे हैं। प्रवेश वर्मा को सलाह है कि वह काम करें, बौखलाहट से कुछ नहीं होगा।











