सोशल संवाद / चक्रधरपुर: झारखंड के चक्रधरपुर में एक व्यक्ति गंभीर रूप से जली हुई अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर समाजसेवी और अंजुमन के सचिव बैरम खान ने तत्परता दिखाते हुए अपने साथियों की मदद से घायल व्यक्ति को तुरंत अनुमंडल अस्पताल चक्रधरपुर में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
यह भी पढे : चक्रधरपुर के पंचमोड़ स्थित राधा गोविंद मंदिर में धूमधाम से मनाया गया फूलों की होली उत्सव
मिली जानकारी के अनुसार घायल व्यक्ति ने अपना नाम शांति बाउरी बताया है। वह पश्चिम बंगाल के बांकुरा जिले का निवासी है। उसने अपने पिता का नाम चंदन बाउरी और पता गांव पायरा, थाना हिरबंध, जिला बांकुरा (पश्चिम बंगाल) बताया है।
घायल शांति बाउरी के शरीर के कई हिस्से गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिसके कारण उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है और उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। स्थानीय समाजसेवी बैरम खान ने बताया कि जैसे ही उन्हें इस घटना की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत मौके पर पहुंचकर अपने दोस्तों की मदद से घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया ताकि उसे समय पर इलाज मिल सके।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि शांति बाउरी किस कारण से झुलसा है। मामले की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोग भी चिंतित हैं और प्रशासन से मामले की जांच की मांग कर रहे हैं। अस्पताल प्रशासन के अनुसार घायल व्यक्ति का इलाज जारी है और उसकी पहचान व घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। यदि उसके परिजनों तक सूचना पहुंचती है तो उन्हें जल्द से जल्द अस्पताल आने की अपील की गई है।









