सोशल संवाद / डेस्क : बुराड़ी की जर्जर 100 फुटा रोड को बनवाने के लिए आम आदमी पार्टी ने आंदोलन करने का फैसला किया है। 17 नवंबर को सुबह 10 बजे बुराड़ी से विधायक संजीव झा पार्षदों के साथ पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा के घर जाएंगे और उनको अपने वादे याद दिलाएंगे। उन्होंने कहा कि पिछले छह महीने से इस सड़क को बनवाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। पीडब्ल्यूडी ने टेंडर भी जारी कर दिया और टेंडर खुल भी गए, लेकिन टेंडर अवार्ड नहीं हुआ। उल्टा अब सरकार टेंडर ही रद्द करने जा रही है। उन्होंने पूछा कि क्या टेंडर रद्द करने के पीछे किसी तरह के कमीशन का दबाव है? क्या कमीशन को लेकर सहमति नहीं बनी। इसलिए सड़क का काम रोक दिया गया? प्रवेश वर्मा को इन सवालों का जवाब देना चाहिए।
संजीव झा ने कहा कि बुराड़ी 100 फूटा रोड का टेंडर हो गया था। दिल्ली के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने खुद बुराड़ी आकर घोषणा की थी कि 14 अक्टूबर तक बुराड़ी रोड का काम शुरू हो जाएगा। टेंडर हो गया, टेंडर खुल भी गया है, लेकिन अभी तक टेंडर अवार्ड नहीं हुआ है। अब सरकार टेंडर को रद्द करने जा रही है। उन्होंने पूछा कि टेंडर होने के बाद इसे रद्द क्यों किया जा रहा है। टेंडर इसलिए कैंसिल किया जा रहा है, क्योंकि टेंडर खुलने के बाद जो ठेकेदार चिंहित हुए उनसे मंत्री ने कमीशन को लेकर सौदेबाजी की। लेकिन कमीशन पर बात नहीं बनी तो अब टेंडर को कैंसिल किया जा रहा है।
संजीव झा ने कहा कि आखिर इन भ्रष्ट मंत्रियों के चक्कर में कब तक बुराड़ी की जनता परेशानी का सामना करती रहेगी। आम आदमी पार्टी ने बुराड़ी सड़क का काम शुरू कराने को लेकर सारी कोशिशें कर ली है। मैंने पहले चिट्ठी लिखी, फिर पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से बात की। यहां तक कि पिछले दिनों पीडब्ल्यूडी के चीफ इंजीनियर के ऑफिस में जाकर बैठ गया। चीफ इंजीनियर ने आश्वस्त किया था कि अगले दो दिन में टेंडर अवॉर्ड हो जाएगा, लेकिन आज तक टेंडर नहीं हुआ है।
संजीव झा ने कहा कि अब हमारे पास सड़क बनवाने को लेकर आंदोलन करने के अलावा कोई और रास्ता नहीं बचा है। मैंने पहले भी चेतावनी दी थी कि अगर टेंडर अवार्ड नहीं हुआ तो पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा के घर जाएंगे और उनसे अपने किए गए वादे की याद दिलाएंगे। साथ ही पूछेंगे कि बुराड़ी की जनता के साथ यह सौतेला व्यवहार क्यों किया जा रहा है? अब 17 नवंबर को हम सुबह 10 बजे प्रवेश वर्मा के घर जाएंगे और पूछेंगे कि जब टेंडर खुल गया था तो अवार्ड क्यों नहीं हुआ। आखिर बुराड़ी की सड़क क्यों नहीं बनाई जा रही है?
संजीव झा ने एक्स पर कहा कि पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने खुद घोषणा की थी कि सड़क का टेंडर होने के बाद 14 अक्टूबर तक काम शुरू हो जाएगा। टेंडर खुला, लेकिन अवार्ड नहीं हुआ और अब उस टेंडर को कैंसिल किया जा रहा है। आखिर ऐसा क्यों? क्या टेंडर रद्द करने के पीछे किसी तरह के कमीशन का दबाव है? क्या कमीशन को लेकर सहमति नहीं बनी। इसलिए जनता की सड़क का काम रोक दिया गया? प्रवेश वर्मा इन सवालों का जवाब दे। अब हम चुप नहीं बैठेंगे। 17 नवंबर को सुबह 10 बजे मैं और आम आदमी पार्टी बुराड़ी के सभी पार्षद मंत्री प्रवेश वर्मा के आवास पर पहुंचकर उनसे जवाब मांगेंगे।











