सोशल संवाद / पटमदा: पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम प्रखंड अंतर्गत मिर्जाडीह गांव में तालाब और सार्वजनिक रास्ते को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग को लेकर आंदोलन तेज हो गया है। झारखंड मानवाधिकार संघ ने सोमवार से अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। संगठन का आरोप है कि जिस तालाब को बचाने और अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की गई थी, उसी तालाब को मिट्टी भरकर समाप्त करने का प्रयास किया जा रहा है।
यह भी पढे : रांची में छऊ कला का भव्य प्रदर्शन, गुरु तपन कुमार पटनायक ने साझा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत
झारखंड मानवाधिकार संघ के कोल्हान प्रमंडल प्रभारी राधाकृष्ण सिंह मुंडा ने बताया कि 5 मई 2026 को उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम को आवेदन देकर मिर्जाडीह गांव स्थित तालाब एवं सार्वजनिक मार्ग से अतिक्रमण हटाने की मांग की गई थी। इसके बाद उपायुक्त के निर्देश पर अपर उपायुक्त ने बोड़ाम अंचल कार्यालय को आवश्यक कार्रवाई करने का आदेश भी दिया था।
कार्रवाई के बजाय तालाब भराई का आरोप
संघ का कहना है कि प्रशासनिक निर्देश के बावजूद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नहीं हुई। इसके उलट तालाब में मिट्टी भरने का कार्य शुरू कर दिया गया। सोमवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत जब संगठन के कार्यकर्ता तालाब स्थल पहुंचे, तो वहां जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर की सहायता से मिट्टी भराई का काम जारी मिला। ग्रामीणों के अनुसार यह कार्य पिछले लगभग एक सप्ताह से चल रहा था।
राधाकृष्ण सिंह मुंडा ने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन के निर्देश के बावजूद तालाब भराई जारी रहना गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जलस्रोतों और तालाबों को अतिक्रमण मुक्त कर उनके संरक्षण की बात कर रही है, लेकिन स्थानीय स्तर पर इसके विपरीत कार्य हो रहा है।
17-18 वर्षों से अतिक्रमण का आरोप
झारखंड मानवाधिकार संघ के अनुसार मिर्जाडीह मौजा के खाता संख्या 38 स्थित तालाब एवं सार्वजनिक रास्ते पर आनंद विहार पी एंड डेवलपर प्रा. लि. के संचालक सी.एल. अग्रवाल द्वारा पिछले 17 से 18 वर्षों से कथित रूप से अतिक्रमण किया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तालाब का उपयोग वर्षों से स्नान, घरेलू कार्यों तथा मवेशियों को पानी पिलाने के लिए किया जाता रहा है।
अतिक्रमण हटने तक जारी रहेगा आंदोलन
धरना स्थल पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक तालाब और सार्वजनिक रास्ते को अतिक्रमण मुक्त नहीं कराया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। वहीं सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची बोड़ाम थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक जेसीबी मशीन और एक ट्रैक्टर को जब्त कर लिया।
धरना कार्यक्रम में झारखंड मानवाधिकार संघ के कोल्हान प्रभारी राधाकृष्ण सिंह मुंडा, आदिवासी भूमिज मुंडा युवा एकता मंच के अध्यक्ष अमर सिंह सरदार, सह कोषाध्यक्ष राधेश्याम सिंह सरदार, भक्तरंजन भूमिज, चंद्रमोहन सिंह, कालीराम सिंह, निरोदा सिंह, महावीर हांसदा, शंभू सिंह, गोविन सिंह मुंडा, भजहरि सिंह, किंकर सिंह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।









