सोशल संवाद/डेस्क: मुंबई के जुहू इलाके में सोमवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बॉलीवुड अभिनेता Akshay Kumar की सुरक्षा में चल रही एस्कॉर्ट कार एक ऑटो रिक्शा से टकरा गई। इस हादसे में ऑटो चालक समेत दो लोग घायल हो गए। घटना अभिनेता के आवास के पास हुई, हालांकि राहत की बात यह रही कि दुर्घटना के समय अक्षय कुमार अपनी कार में मौजूद नहीं थे।

यह भी पढ़ें: गोविंदा ने तोड़ी चुप्पी, बोले मेरे खिलाफ 14 सालों से चल रही है साजिश
सूत्रों के अनुसार, अक्षय कुमार अपनी पत्नी ट्विंकल खन्ना के साथ एयरपोर्ट से घर लौट रहे थे। उनके काफिले में शामिल एक कार और ऑटो रिक्शा के बीच अचानक टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो सड़क पर पलट गया और एस्कॉर्ट वाहन भी असंतुलित होकर एक ओर झुक गया। हादसे के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा।
घटना की सूचना मिलते ही जुहू पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एस्कॉर्ट कार दो टायरों पर झुकी हुई दिखाई दे रही है, जबकि ऑटो रिक्शा का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त नजर आ रहा है।
इस बीच, घायल ऑटो चालक के भाई ने मामले में मुआवजे की मांग की है। उन्होंने बताया कि हादसे में रिक्शा पूरी तरह खराब हो गया है और चालक की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फिलहाल एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।










