सोशल संवाद/डेस्क : कला-संस्कृति व पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि 30 जुलाई से राजकीय श्रावणी मेला शुरू हो रहा है। ऐसे में मेला से संबंधित सभी तैयारी व श्रद्धालुओं की तमाम सुविधाएं 28 तारीख तक हर हाल में दुरुस्त कर लें। उक्त बातें मंत्री ने शनिवार को परिसदन सभागार में आयोजित राजकीय श्रावणी मेला, 2026 की तैयारियों की समीक्षा बैठक के दौरान कहीं। बैठक में देवघर डीसी के अलावा दुमका डीसी भी मौजूद थे।
यह भी पढे : जून में 24 सड़क हादसे में 11 की मौत, 475 ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड, 27 लाख से ज्यादा जुर्माना वसूला
उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा को लेकर आउट ऑफ टर्न दर्शन, वीआईपी, वीवीआईपी दर्शन पर पूर्ण रूप से बंद रहने की बात कही। कहा कि 29 जुलाई को पुनः देवघर और दुमका में उपलब्ध यात्री सुविधाओं की समीक्षा की जाएगी। कहा कि मेले में आकर श्रद्धालु बाबा वैद्यनाथ की नगरी से मधुर स्मृति लेकर वापस लौटें, यह सभी की जिम्मेवारी व जवाबदेही है।
इस दौरान उपायुक्त देवघर सौरभ कुमार भुवानिया व उपायुक्त दुमका अभिजीत सिन्हा ने एक-एक कर विभागवार मेला क्षेत्र में किए जाने वाले विभिन्न कार्यों के अलावा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा व नयी तकनीकों के उपयोग से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों को पीपीटी के माध्यम से अवगत कराया। तैयारियों की विभागवार समीक्षा के क्रम में विद्युत आपूर्ति, पथ निर्माण विभाग, नगर निगम, जनसंपर्क विभाग, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, पर्यटन, कला संस्कृति खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, स्वास्थ्य विभाग आदि थे।









