सोशल संवाद / चक्रधरपुर: शहर में फुटबॉल प्रतिभाओं को नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए भगेरिया फाउंडेशन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर ‘भगेरिया ब्लास्टर फुटबॉल क्लब’ के शुभारंभ की घोषणा की। क्लब के ओनर ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के प्रतिभाशाली फुटबॉल खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना, युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना तथा स्थानीय स्तर पर खेल संस्कृति को सशक्त बनाना है।
उन्होंने कहा कि क्लब के माध्यम से खिलाड़ियों को नियमित प्रशिक्षण, विभिन्न प्रतियोगिताओं में भागीदारी, आधुनिक खेल सुविधाएं तथा उनके खेल कौशल के समग्र विकास के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा। साथ ही ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के उभरते खिलाड़ियों को एक साझा मंच उपलब्ध कराकर उनकी प्रतिभा को निखारने और उन्हें आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
क्लब प्रबंधन का मानना है कि भगेरिया ब्लास्टर फुटबॉल क्लब क्षेत्र में फुटबॉल के विकास को नई गति देगा और युवा खिलाड़ियों के लिए अपने सपनों को साकार करने का एक सशक्त माध्यम बनेगा। इस अवसर पर क्लब के फाउंडर विनोद भागेरिया, मनोज भागेरिया, खेल प्रेमी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने क्लब की इस पहल की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के खेल विकास के लिए एक सकारात्मक कदम बताया।










