सोशल संवाद / जमशेदपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर आयोजित होने वाले ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने के लिए भाजपा जमशेदपुर महानगर ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आजादी के अमृत पर्व के अवसर पर 9 से 15 अगस्त तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी कड़ी में 9 अगस्त को साकची स्थित नेताजी सुभाष मैदान (आम बागान) से विशाल तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी।
भाजपा कार्यालय में हुई अहम बैठक
गुरुवार को साकची स्थित भाजपा जिला कार्यालय में भाजपा जमशेदपुर महानगर की महत्वपूर्ण बैठक जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में तिरंगा यात्रा और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा करते हुए विभिन्न पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
9 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने बताया कि 9 अगस्त को साकची के नेताजी सुभाष मैदान से विशाल तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में समाज के सभी वर्गों, युवाओं, महिलाओं, प्रबुद्ध नागरिकों और विभिन्न सामाजिक संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय तिरंगा यात्रा के बाद जमशेदपुर महानगर के चारों विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न मंडलों में भी तिरंगा यात्राएं आयोजित की जाएंगी।
13 से 15 अगस्त तक चलेगा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान
संजीव सिन्हा ने बताया कि 13 से 15 अगस्त तक चलने वाले ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत प्रत्येक घर, सरकारी एवं निजी संस्थान, व्यापारिक प्रतिष्ठान और सार्वजनिक स्थलों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि यह अभियान लोगों में राष्ट्रध्वज के सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का माध्यम बनेगा।
जिला स्तरीय समिति का गठन
अभियान के सफल संचालन के लिए जिला स्तरीय समिति का गठन किया गया है। इसमें जिला उपाध्यक्ष संजीव सिंह को जिला संयोजक बनाया गया है, जबकि पूर्व जिला मंत्री पप्पू सिंह और भाजयुमो जिला मंत्री प्रकाश दुबे को सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मंडल अध्यक्षों को सौंपे गए तिरंगे
बैठक के बाद जमशेदपुर महानगर के सभी 28 मंडल अध्यक्षों को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा वितरित किया गया। इस दौरान उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने तथा राष्ट्रध्वज के सम्मान का संदेश घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया गया।
तिरंगा यात्रा को सफल बनाने में जुटा भाजयुमो
9 अगस्त की तिरंगा यात्रा को सफल बनाने के लिए भाजयुमो जमशेदपुर महानगर की भी अलग बैठक आयोजित की गई। बैठक में युवाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने, प्रचार-प्रसार और यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर रणनीति बनाई गई।
इस अवसर पर भाजयुमो प्रदेश मंत्री अमित अग्रवाल, जिलाध्यक्ष नीतीश कुशवाहा, शशांक शेखर, प्रकाश दुबे, शैलेश गुप्ता, चिंटू सिंह, सुशील पांडेय सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक में जिला परिषद सदस्य कुसुम पूर्ति, जिला पदाधिकारी संजीव सिंह, प्रदीप महतो, बबुआ सिंह, अमरजीत सिंह राजा, रूबी झा, राजीव सिंह, मुचिराम बाउरी, तन्मय झा, रेणु सिन्हा, संजीत चौरसिया, प्रेम झा, ज्ञान प्रकाश, राकेश दुबे, खेमलाल चौधरी, अनिल मोदी, हरिकिशोर तिवारी सहित कई भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









