ओडिशा में चक्रवात ‘अकवान’ का खतरा: 80 हजार से ज्यादा लोगों का रेस्क्यू, 11 जिलों में 74 बचाव दल तैनात

By Tamishree Mukherjee

Published :

Follow
Odisha Cyclone Akwan

Join WhatsApp

Join Now

सोशल संवाद / डेस्क : ओडिशा में चक्रवात ‘अकवान’ को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर है। तूफान के संभावित खतरे को देखते हुए राज्य सरकार ने बड़े पैमाने पर राहत और बचाव अभियान शुरू किया है। अब तक 80 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। सरकार ने दो लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। वहीं, एहतियात के तौर पर कई जिलों में स्कूल-कॉलेज और अन्य शैक्षणिक संस्थानों को बंद कर दिया गया है।

यह भी पढ़े : World Religion Population 2035: इस्लाम बनेगा दुनिया का सबसे बड़ा धर्म? Pew Research की रिपोर्ट

शुक्रवार को तट से टकरा सकता है चक्रवात

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, चक्रवात ‘अकवान’ शुक्रवार दोपहर तक उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तट के बीच नरसापुर और पुरी के बीच गोपालपुर के पूर्व में दस्तक दे सकता है। इस दौरान 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। हवा के झोंकों की गति 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य हिस्से में स्थित यह भीषण चक्रवाती तूफान पिछले छह घंटों में 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर की ओर बढ़ा। गुरुवार सुबह 5:30 बजे यह आंध्र प्रदेश के नरसापुर से करीब 440 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व, ओडिशा के गोपालपुर से 530 किलोमीटर दक्षिण और पुरी से 590 किलोमीटर दक्षिण में केंद्रित था।

11 जिलों में 74 बचाव दल तैनात

चक्रवात से निपटने के लिए ओडिशा के 11 जिलों में 74 बचाव दल तैनात किए गए हैं। इनमें मलकानगिरि, कोरापुट, रायगढ़ा, कालाहांडी, गजपति, गंजाम, कंधमाल, बौध, पुरी, नयागढ़ और खुर्दा शामिल हैं। रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट वाले जिलों में शैक्षणिक संस्थानों को बंद कर दिया गया है। प्रशासन की ओर से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है।

गंजाम जिले में सबसे ज्यादा असर की आशंका

चक्रवात से गंजाम जिले के सबसे अधिक प्रभावित होने की आशंका है। जिला प्रशासन के अनुसार, गुरुवार सुबह 6 बजे तक जिले में 36,398 लोगों को सुरक्षित आश्रय स्थलों में पहुंचाया जा चुका था। निकासी अभियान लगातार जारी है।

जिले में 308 राहत केंद्र बनाए गए हैं, जहां लोगों के लिए मुफ्त भोजन की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा 1,098 गर्भवती महिलाओं को भी सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

बचाव अभियान के लिए जिले के सभी प्रखंडों में ओडिशा आपदा त्वरित कार्रवाई बल (ODRAF) की चार, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की तीन, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं की 24 और ओडिशा वन विकास निगम की 10 टीमें तैनात की गई हैं।

छह जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट

मौसम विभाग ने गुरुवार को केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर, पुरी, गंजाम, गजपति और कंधमाल जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। तटीय और दक्षिणी ओडिशा में बुधवार रात से ही हल्की से मध्यम बारिश हो रही है। चक्रवात के आगे बढ़ने के साथ बारिश की तीव्रता बढ़ने की आशंका है।

IMD के अनुसार, समुद्र में ऊंची लहरें उठने के कारण गंजाम और पुरी के निचले इलाकों में 0.5 से 1 मीटर तक पानी भर सकता है। दक्षिण और उत्तर ओडिशा के तटीय इलाकों में तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है। फिलहाल दक्षिण ओडिशा के तटीय क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं, जिनके झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच रहे हैं।

प्रशासन ने तटीय और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।


YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---

Exit mobile version