सोशल संवाद / जमशेदपुर: आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कोल्हान प्रमंडल में संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। गुरुवार को भालूबासा स्थित शीतला भवन सभागार में जमशेदपुर महानगर और पूर्वी सिंहभूम जिला इकाई की संयुक्त संगठनात्मक मंडल प्रवासी कार्यकर्ता बैठक आयोजित की गई। बैठक में बूथ सशक्तिकरण, मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), जनसंपर्क अभियान और संगठन विस्तार को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई।
बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद और प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन, पार्टी के संस्थापक नेताओं को श्रद्धांजलि और ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन के साथ हुई।
1 से 16 अगस्त तक हर बूथ पर चलेगा विशेष अभियान
बैठक में निर्णय लिया गया कि 1 अगस्त से 16 अगस्त तक कोल्हान के प्रत्येक बूथ पर विशेष संगठनात्मक अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान मंडल प्रभारी और मंडल प्रवासी बूथों का दौरा करेंगे, बूथ समितियों की सक्रियता की समीक्षा करेंगे और आवश्यकता पड़ने पर उनका पुनर्गठन भी किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाना है।
“बूथ जीता तो चुनाव जीता” – रघुवर दास
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बूथ सशक्तिकरण भाजपा की चुनावी सफलता का सबसे मजबूत आधार है। उन्होंने कहा कि “बूथ जीता तो चुनाव जीता” केवल एक नारा नहीं, बल्कि भाजपा की कार्यशैली का मूल सिद्धांत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क बढ़ाने और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।
विपक्ष पर साधा निशाना
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा कि कुछ ताकतें देश में नकारात्मक माहौल बनाने का प्रयास कर रही हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के बीच जाकर लोगों को जागरूक करने और विपक्ष के कथित दुष्प्रचार का तथ्यात्मक जवाब देने की अपील की।
SIR अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील
प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं से पूरी सक्रियता के साथ काम करने और पात्र मतदाताओं को आवश्यक सहयोग देने का आग्रह किया।
संगठन की ताकत है मजबूत बूथ: अमर बाउरी
प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी ने कहा कि भाजपा की वास्तविक ताकत उसके बूथ स्तर के कार्यकर्ता हैं। उन्होंने बूथ समितियों की नियमित समीक्षा, निरंतर संवाद और योजनाबद्ध कार्यप्रणाली पर जोर देते हुए प्रत्येक बूथ को सक्रिय और सशक्त बनाने का आह्वान किया।
कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
बैठक में विधायक पूर्णिमा साहू, पूर्व विधायक मेनका सरदार, पूर्व प्रत्याशी मीरा मुंडा, जिला प्रभारी बबन गुप्ता, दिनेश कुमार, महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा, जिलाध्यक्ष सत्या तिवारी सहित दोनों जिलों के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, मंडल प्रवासी और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









