सोशल संवाद / बड़बिल ( रिपोर्ट – संजय सिन्हा ) : बोलानी सेल लौह खदान के ठेकेदारों द्वारा आयोजित बंधु-मिलन उत्सव बुधवार को शांति नगर स्थित डैम परिसर में हर्षोल्लास और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
नववर्ष के शुभ अवसर पर स्थानीय ठेकेदारों ने अपने-अपने धर्म के अनुसार पूजा-अर्चना कर सभी के लिए सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी ठेकेदारों के बीच आपसी भाईचारे, एकता और सकारात्मक वातावरण को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम बोलानी ठेकेदार संघ के तत्वावधान में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित सदस्यों ने आपस में परिचय, प्रतिष्ठा तथा संगठन की सामूहिक प्रगति से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया। साथ ही संघ से जुड़े पुराने दिनों की स्मृतियों को साझा करते हुए सभी ने आत्मीयता और आनंद का अनुभव किया।
उल्लेखनीय है कि बोलानी ठेकेदार संघ अपने कोष से निरंतर जनकल्याणकारी कार्य करता आ रहा है। संघ द्वारा क्षेत्र के छोटे-छोटे गांवों, हाटिंग, बस्तियों एवं विद्यालयों में गरीब और असहाय लोगों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। भारी वर्षा के दौरान जिन जरूरतमंदों के घर क्षतिग्रस्त हो जाते हैं, उनके मरम्मत कार्य हेतु भी संघ आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराता है।
इसके अतिरिक्त, विद्यालयों में शीत से बचाव हेतु स्वेटर वितरण, विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सहभागिता तथा विशेष रूप से क्षेत्र के गरीब और असहाय लोगों के बेहतर उपचार हेतु आर्थिक सहायता प्रदान करना संघ की प्रमुख सामाजिक गतिविधियों में शामिल है।
इस अवसर पर संघ के अध्यक्ष श्री वीरकिशोर दास, सचिव श्री महाजन चौधरी, कोषाध्यक्ष एम.डी. अब्दुल हनन सहित एम.डी. हैदर अली, राजेंद्र नंदो, श्रवण गोसाईं, प्रदीप स्वाईं, इनामुल हक, विनय चौधरी एवं अन्य सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग किया।










