सोशल संवाद / जमशेदपुर: सीतारामडेरा थाना क्षेत्र स्थित मुख्य बस स्टैंड में लंबे समय से खड़ी खराब और स्क्रैप बसों को लेकर स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। इस मुद्दे को उठाते हुए इंटरनेशनल ह्यूमन राइट्स डेवलपमेंट फाउंडेशन ने प्रशासन से अविलंब कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढे : SSC Selection Post Phase 14: रांची में 16-26 सितंबर तक परीक्षा, 200 मीटर में निषेधाज्ञा
संगठन का कहना है कि बस स्टैंड परिसर और आसपास की सड़कों पर कई महीनों से खराब हालत में बसें खड़ी हैं, जिसके कारण यहां अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। यात्रियों, वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा इन परित्यक्त बसों में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा भी लगने लगा है, जिससे सुरक्षा संबंधी चिंताएं बढ़ गई हैं।
संगठन ने कहा कि सड़क किनारे खड़ी इन कबाड़ बसों के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। साथ ही शहर की स्वच्छता और सुंदरता पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। फाउंडेशन ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों से मांग की है कि बस स्टैंड क्षेत्र का निरीक्षण कर जल्द से जल्द स्क्रैप बसों को हटाया जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू हो सके और आम लोगों को राहत मिल सके।
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि इस दिशा में शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आम जनता की समस्याओं को लेकर आगे भी आवाज उठाई जाएगी।










