सोशल संवाद / रांची : झारखंड सरकार का स्वास्थ्य विभाग राज्य के सभी जिलों के सदर अस्पतालों में कैंसर की शुरुआती जांच और इलाज की – आधुनिक सुविधा जल्द विकसित करने जा रही है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मार्गदर्शन में राज्य में सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है।
यह भी पढे : सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक अंजनी तिवारी का निधन
एक चिकित्सक होने के नाते वे मरीजों का दर्द समझते हैं, इसलिए प्राथमिकता यह है कि पैसे की कमी से किसी मरीज का इलाज न रुके। मंत्री के अनुसार, इस पहल का मुख्य उद्देश्य गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों को जिला स्तर पर ही शुरुआती अवस्था में बीमारी की पहचान और उपचार से जोड़ना है, ताकि उन्हें बड़े शहरों की दौड़ लगाने से राहत मिल सके।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि संदिग्ध मरीजों को विशेषज्ञ अस्पतालों से जोड़कर जांच रिपोर्ट के आधार पर तुरंत इलाज शुरू कराया जाएगा। कैंसर के खिलाफ जंग में शुरुआती स्क्रीनिंग सबसे महत्वपूर्ण है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिला स्तर पर जांच तंत्र को मजबूत किया जा रहा है।
राज्य में जांच मशीनों की उपलब्धता पर है जोर
राज्य के सभी सदर अस्पतालों में सीटी स्कैन और पेट स्कैन मशीनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। इससे मरीजों की बड़े शहरों पर निर्भरता खत्म होगी। जिला अस्पतालों में स्क्रीनिंग, संदिग्ध मरीजों की पहचान और विशेषज्ञ चिकित्सा के बीच बेहतर तालमेल बिठाया जाएगा।
केंद्र के समक्ष उठाया था महंगी दवा का मुद्दा : मंत्री
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि उन्होंने कैंसर की महंगी दवाओं का मामला पहले केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान उठाया था। उन्होंने झारखंड के गरीब मरीजों की परेशानियों और आर्थिक बोझ से अवगत कराया था।











