लंदन में गूंजेगी छठी मईया की जयकार, बिहार-झारखंड के 2000 लोग मनाएंगे छठ महापर्व

By Riya Kumari

Published :

Follow
लंदन में गूंजेगी छठी मईया की जयकार, बिहार-झारखंड के 2000 लोग मनाएंगे छठ महापर्व

Join WhatsApp

Join Now

सोशल संवाद / रांची : सात समंदर पार लंदन में भी छठी मईया की जयकार गूंजने वाली है। बिहार और झारखंड की संस्कृति एवं परंपरा को विदेश में जीवंत रखने के लिए यूनाइटेड किंगडम में लगातार पांचवें साल सामूहिक छठ महापर्व का आयोजन किया जा रहा है। इस बार लंदन और आसपास के शहरों में रहने वाले बिहार-झारखंड के करीब 2,000 लोग इस आयोजन में शामिल होंगे। खास बात यह है कि पूजा के लिए पारंपरिक सामग्री पटना से मंगाई गई है और श्रद्धालुओं के बीच 7 हजार से अधिक ठेकुआ का प्रसाद बांटा जाएगा।

यह भी पढे : बुर्ज खलीफा पर हिंदी में चमका Happy Diwali का संदेश, दुबई का वीडियो वायरल

लंदन में पांचवें साल होगा सामूहिक छठ

इस आयोजन की तैयारी बिहारी कनेक्ट यूके संस्था की ओर से की जा रही है। इस बार 15 व्रती पूरे नियम और निष्ठा के साथ निर्जला उपवास रखकर भगवान सूर्य और छठी मईया की आराधना करेंगे।

संस्था का उद्देश्य विदेश में रहने वाले बिहार और झारखंड के लोगों को छठ के दौरान अपने गांव और घर जैसा माहौल देना है। इस आयोजन के माध्यम से नई पीढ़ी को भी भारतीय संस्कृति और छठ महापर्व की परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

पटना से मंगाई गई छठ पूजा की सामग्री

संस्था के संस्थापक ट्रस्टी डॉ. उदेश्वर कुमार सिंह ने बताया कि यूके में छठ पूजा के लिए पारंपरिक सामग्री जुटाना बड़ी चुनौती होती है। इस बार पीतल का दौरा, सूप, दीया, थाली सहित अन्य जरूरी पूजन सामग्री पटना से मंगाई गई है।

आयोजन में शामिल होने वाली सभी व्रतियों को पूजा सामग्री के साथ दो साड़ी, दो ब्लाउज और लहठी भी उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं, महिलाओं द्वारा सामूहिक रूप से 7 हजार से अधिक ठेकुआ तैयार किए जाएंगे। इनका वितरण श्रद्धालुओं के साथ यूके के अलग-अलग शहरों में रहने वाले बिहार और झारखंड के परिवारों के बीच भी किया जाएगा।

13 से 16 नवंबर तक होंगे छठ के अनुष्ठान

लंदन के ब्रह्मऋषि मिशन, हेस्टन रोड, हाउंस्लो में सामूहिक छठ पूजा का आयोजन होगा। इसके तहत चार दिनों तक पारंपरिक अनुष्ठान संपन्न किए जाएंगे।

  • 13 नवंबर: नहाय-खाय
  • 14 नवंबर: खरना और लोहंडा
  • 15 नवंबर: डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य
  • 16 नवंबर: उगते सूर्य को उषा अर्घ्य और पारण

आयोजन में कैंट, रीडिंग, एसेक्स, ससेक्स और वेंबले सहित आसपास के शहरों से करीब 2 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क भोजन, नाश्ता और चाय की व्यवस्था भी की गई है। बच्चों के लिए खेलकूद, पेंटिंग और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। आयोजन की जिम्मेदारी 25 वॉलंटियर संभालेंगे।

2017 में हुई थी बिहारी कनेक्ट यूके की स्थापना

बिहारी कनेक्ट यूके लंदन में पंजीकृत संस्था है। इसकी स्थापना अक्टूबर 2017 में पटना के डॉ. उदेश्वर कुमार सिंह और रांची के हिनू निवासी कैप्टन ओम प्रकाश ने की थी। संस्था से यूके में रहने वाले बिहार और झारखंड के करीब 1500 परिवार जुड़े हुए हैं।

संस्था हर साल होली, बिहार दिवस, झारखंड दिवस और सामूहिक छठ पूजा जैसे कार्यक्रम आयोजित करती है। इसका उद्देश्य विदेश में रहने वाली नई पीढ़ी को अपनी भाषा, संस्कृति और जन्मभूमि की परंपराओं से जोड़े रखना है।

YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---

Exit mobile version