सोशल संवाद /चक्रधरपुर : जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी के निर्देशानुसार विगत दिवस को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, करा सोसाइटी, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) एवं राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) के संयुक्त अभियान में चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन से बाल तस्करी के शिकार कुल 11 बच्चों (07 बालक एवं 04 बालिकाएं) को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।

यह भी पढ़े : सरयू के नेतृत्व में सोनारी, बिष्टुपुर, कदमा, मानगो, साकची में स्वतःस्फूर्त बंद
संयुक्त टीम द्वारा स्टेशन परिसर में विशेष जांच अभियान चलाया गया। प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर जांच के दौरान 11 बच्चे संदिग्ध परिस्थितियों में पाए गए। प्रारंभिक पूछताछ में बच्चों ने बताया कि उन्हें रोजगार दिलाने का झांसा देकर तमिलनाडु ले जाया जा रहा था। सभी बच्चों की आयु लगभग 11 से 16 वर्ष के बीच है।
रेस्क्यू के तुरंत बाद इसकी सूचना चक्रधरपुर थाना प्रभारी को दी गई। सूचना प्राप्त होते ही थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे तथा बच्चों को सुरक्षित रूप से बाल कल्याण समिति, पश्चिमी सिंहभूम के समक्ष प्रस्तुत कराने में आवश्यक सहयोग प्रदान किया।
बचाव के उपरांत सभी बच्चों को तत्काल भोजन, पेयजल एवं प्राथमिक काउंसलिंग उपलब्ध कराई गई। इसके बाद बाल कल्याण समिति, पश्चिमी सिंहभूम के समक्ष प्रस्तुत किया गया। समिति के आदेशानुसार फिलहाल सभी बच्चों को राजकीय बाल गृह में सुरक्षित रखा गया है। साथ ही चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 द्वारा बच्चों की विस्तृत काउंसलिंग, उनके परिवारों की पहचान एवं सुरक्षित घर वापसी की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
इस अवसर पर जिला समन्वयक, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 ने कहा कि बाल तस्करी एक जघन्य अपराध है। चाइल्ड हेल्पलाइन, RPF एवं GRP की सतर्कता और समन्वित कार्रवाई से 11 बच्चों को संभावित शोषण एवं तस्करी का शिकार होने से बचाया जा सका। उन्होंने आम नागरिकों से अपील किया कि यदि रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड अथवा किसी अन्य सार्वजनिक स्थान पर कोई बच्चा अकेला, डरा-सहमा या संदिग्ध व्यक्तियों के साथ दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, RPF हेल्पलाइन 139 अथवा GRP को दें। आपकी एक सूचना किसी बच्चे का भविष्य सुरक्षित कर सकती है।
जनहित में अपील:
जिला बाल संरक्षण इकाई, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 एवं संबंधित एजेंसियों ने सभी रेल यात्रियों, कुलियों, वेंडरों एवं आम नागरिकों से बाल श्रम, बाल भिक्षावृत्ति तथा बाल तस्करी जैसी गतिविधियों के प्रति सतर्क रहने और ऐसी किसी भी संदिग्ध सूचना की तत्काल जानकारी चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, RPF हेल्पलाइन 139 अथवा GRP को देने की अपील की हैं।










