सोशल संवाद/डेस्क : कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने दिल्ली में 5 सितंबर को युवा मार्च निकालने का ऐलान किया है। पार्टी का आरोप है कि सरकार ने जुलाई में हुए आंदोलन के दौरान युवाओं और प्रदर्शनकारियों से किए गए वादों को अब तक पूरा नहीं किया है।
यह भी पढे : सावन की अंतिम सोमवारी पर भक्ति रस में डूबा जमशेदपुर, भजन संध्या में मनोज तिवारी ने बांधा समां
CJP की नेशनल वर्किंग कमेटी ने एक्स पर जारी बयान में बताया कि युवा मार्च इंडिया गेट से शुरू होकर नई दिल्ली पुलिस हेडक्वार्टर तक जाएगा। पार्टी के मुताबिक, मार्च में छात्रों और युवा संगठनों के शामिल होने की उम्मीद है। प्रदर्शन की अगुवाई कथित पुलिस बर्बरता के पीड़ितों और NEET से जुड़े मृतक पीड़ितों के परिवारों द्वारा किए जाने की बात कही गई है।
FIR वापस लेने के वादे पर सरकार को घेरा
CJP ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि 25 जुलाई को युवाओं से किए गए आश्वासनों, खासकर छात्रों और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज FIR वापस लेने से जुड़े वादों पर अब तक पर्याप्त कार्रवाई नहीं हुई है।
पार्टी ने कहा कि सरकार की ओर से लगातार देरी और टालमटोल के कारण नेशनल वर्किंग कमेटी ने शांतिपूर्ण तरीके से दोबारा लामबंद होने का फैसला किया है। संगठन ने यह भी सवाल उठाया कि क्या सरकार वास्तव में अपने वादों को लागू करने की इच्छुक है।
सुप्रीम कोर्ट की कार्रवाई का भी किया जिक्र
CJP ने अपने बयान में सुप्रीम कोर्ट में चल रही कार्यवाही का भी उल्लेख किया। पार्टी के अनुसार, 18 अगस्त को कोर्ट ने देशभर में दर्ज FIR की सूची मांगी थी, ताकि मामलों पर एक साथ विचार किया जा सके।
CJP का आरोप है कि इसके बावजूद सरकार की ओर से FIR वापस लेने के मुद्दे पर कोई स्पष्ट आश्वासन नहीं दिया गया है। पार्टी ने कहा कि सरकार को अपने वादों पर जल्द कार्रवाई करनी चाहिए।
5 सितंबर को दिल्ली में जुटेंगे युवा
CJP के मुताबिक, प्रस्तावित युवा मार्च का उद्देश्य सरकार पर अपने आश्वासनों को लागू करने के लिए दबाव बनाना है। पार्टी ने प्रदर्शन को शांतिपूर्ण रखने की बात कही है और छात्रों व युवा संगठनों से इसमें शामिल होने की अपील की है।









