सोशल संवाद / जमशेदपुर : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने NEET समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक, छात्रों के मुद्दों और हालिया घटनाओं को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तथा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग की।
यह भी पढे : झारखंड में 8 साल से बालू संकट बरकरार, तीन जिलों ने सौंपी रिपोर्ट, कोल्हान से अब भी जवाब का इंतजार
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह ने की, जबकि झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
छात्रों के मुद्दों पर केंद्र सरकार को घेरा
सभा को संबोधित करते हुए राजेश ठाकुर ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों के प्रति गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि NEET सहित कई प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों विद्यार्थियों के भविष्य को प्रभावित किया है।
उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और छात्रों का विश्वास बहाल करने के लिए सरकार को प्रभावी कदम उठाने चाहिए। साथ ही उन्होंने इस मुद्दे पर नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई।
विपक्ष के प्रदर्शन को लेकर भी उठाए सवाल
राजेश ठाकुर ने कहा कि छात्रों के समर्थन में विपक्ष द्वारा किए गए प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वालों के साथ ऐसा व्यवहार उचित नहीं है। कांग्रेस ने इस मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी नैतिक जिम्मेदारी लेने की मांग की।
जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने क्या कहा?
जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि बार-बार प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की खबरों से छात्रों और अभिभावकों में चिंता बढ़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्षों की मेहनत के बाद परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने मांग की कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार ठोस कदम उठाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि यदि मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो कांग्रेस छात्रों के हित में अपना आंदोलन और तेज करेगी।
कांग्रेस ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार की उठाई मांग
जिला कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश सिंह और प्रदेश प्रवक्ता राकेश तिवारी ने भी केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और छात्रों के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
कार्यक्रम में जिला एवं प्रदेश कांग्रेस के कई पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।









