रेल टिकटों की कालाबाजारी रोकने के लिए प्रमुख रेल मार्गों पर OTP आधारित आधार सत्यापन अनिवार्य करने की मांग, रेल मंत्री को लिखा पत्र

By Tamishree Mukherjee

Published :

Follow
Demand raised to make OTP-based Aadhaar verification mandatory on major rail routes

Join WhatsApp

Join Now

सोशल संवाद / नई दिल्ली : देश के प्रमुख रेल मार्गों पर आरक्षित टिकटों की कालाबाज़ारी और फ़र्ज़ी नामों से बड़े पैमाने पर टिकट बुक किए जा रहे हैं । प्रमुख त्योहारों और विवाह के मौसम में रेल यात्रा की माँग बढ़ जाती है । ऐसे समय में कई मार्गों पर आरक्षण खुलने के कुछ ही मिनटों में विभिन्न श्रेणियों के टिकट उपलब्ध नहीं रहते । इसका प्रमुख कारण है कि कुछ एजेंट आरक्षण खुलते ही फ़र्ज़ी नामों से बड़ी संख्या में टिकट बुक कर लेते हैं और यात्रा के दौरान पहचान की जाँच से बचने के लिए टिकट पर दर्ज नाम से मेल खाता नकली पहचान पत्र भी बनाकर टिकट के साथ बेचते हैं ।

यह भी पढ़े : छठ के बाद स्वच्छता अभियान में उतरीं दिल्ली की CM रेखा गुप्ता, मुनक नहर घाट पर किया श्रमदान

Sunrise Enclave

ऐसे मामलों में एक ही बुकिंग में दो से छह यात्रियों के टिकट फ़र्ज़ी नामों पर आरक्षित किए जाते हैं । फिर बुकिंग में दर्ज किसी एक नाम का नकली पहचान पत्र बनाकर सभी टिकट निर्धारित किराये से कहीं अधिक दाम पर बेचे जाते हैं । इससे रोज़गार, पढ़ाई, इलाज और पारिवारिक आवश्यकताओं के लिए रेल यात्रा पर निर्भर यात्रियों, विशेषकर सीमित आय वाले लोगों, को समय पर निर्धारित किराये पर टिकट मिलने में भारी कठिनाई होती है ।

मेरा अनुरोध है कि रेल मंत्रालय देश के सभी प्रमुख रेल मार्गों और उन सभी मार्गों पर, जहाँ आरक्षित टिकटों की माँग अधिक रहती है, निम्नलिखित व्यवस्था तत्काल लागू करें ।

  1. प्रत्येक तीन यात्रियों पर कम से कम एक यात्री का ओटीपी-आधारित आधार सत्यापन अनिवार्य किया जाए । आरक्षित टिकट जारी करने से पहले एक से तीन यात्रियों की बुकिंग में कम से कम एक और चार से छह यात्रियों की बुकिंग में कम से कम दो यात्रियों का सत्यापन किया जाए । ओटीपी संबंधित यात्री के आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर भेजा जाए । यह व्यवस्था सामान्य और तत्काल, दोनों प्रकार के आरक्षण पर लागू हो ।
  2. ऑनलाइन और काउंटर से जारी टिकटों पर सत्यापन का विवरण अंकित किया जाए । जिन यात्रियों के आधार का सत्यापन करके टिकट जारी किया गया है, उनके नाम के सामने उनके आधार नंबर के अंतिम छह अंक दर्ज किए जाएँ ।
  3. टिकट परीक्षकों को तेज़ हैंडहेल्ड उपकरण उपलब्ध कराए जाएँ । सभी यात्रा टिकट परीक्षकों (टीटीई) को पर्याप्त प्रोसेसिंग क्षमता वाले उपकरण दिए जाएँ, ताकि वे यात्रा के दौरान टिकट पर दर्ज सत्यापन विवरण का यात्री के पहचान दस्तावेज़ से शीघ्र मिलान कर सकें ।
  4. यात्रा के दौरान पहचान की जाँच और उसकी नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए । रेल मंडल स्तर पर कोचवार अभिलेख रखा जाए कि प्रत्येक टीटीई ने कितने यात्रियों के आधार सत्यापन विवरण का मिलान किया और कितने मामलों में विसंगति पाई गई । इस अभिलेख की नियमित समीक्षा की जाए ।
  5. संदिग्ध बुकिंग और टिकट एजेंटों की जाँच की जाए । आरक्षण खुलते ही असामान्य संख्या में टिकट बुक करने वाले खातों और बार-बार संदिग्ध बुकिंग करने वाले एजेंटों की जाँच की जाए । रेलवे, आईआरसीटीसी और रेलवे सुरक्षा बल मिलकर टिकटों की कालाबाज़ारी और नकली पहचान पत्रों से जुड़ी शिकायतों की जाँच करें तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करें ।
  6. आरक्षण काउंटरों पर पहचान सत्यापन का वैकल्पिक प्रबंध किया जाए । जिन यात्रियों की आधार से जुड़े मोबाइल नंबर तक पहुँच नहीं है, उनके लिए रेलवे आरक्षण काउंटरों पर मान्य पहचान दस्तावेज़ों के आधार पर वैकल्पिक सत्यापन की सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे भी आरक्षित टिकट प्राप्त कर सकें । इस प्रक्रिया की वीडियो निगरानी की जाए, ताकि वैकल्पिक व्यवस्था का दुरुपयोग कर टिकटों की अवैध बिक्री रोकी जा सके ।

अतः आपसे आग्रह है कि रेलवे बोर्ड और आईआरसीटीसी को निर्देशित करें कि वे देश के सभी प्रमुख एवं अधिक माँग वाले रेल मार्गों पर यह व्यवस्था तत्काल लागू करें । साथ ही, इसके क्रियान्वयन की समय-सीमा और टिकटों की कालाबाज़ारी से जुड़ी शिकायतों पर की गई कार्रवाई से मुझे अवगत कराएँ ।

YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---

संबंधित पोस्ट