सोशल संवाद / चक्रधरपुर: चक्रधरपुर नगर परिषद क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने और बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराने की दिशा में एक अहम पहल की गई है। विधायक सुखराम उरांव की अनुशंसा पर जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) मद से प्रस्तावित दो महत्वपूर्ण पीसीसी सड़क परियोजनाओं के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके तहत संबंधित स्थलों का निरीक्षण और मापी का कार्य पूरा किया गया।
विशेष प्रमंडल विभाग के कनीय अभियंता (JE) की मौजूदगी में दोनों प्रस्तावित सड़क मार्गों का तकनीकी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य परियोजनाओं की DPR तैयार कर जल्द निर्माण कार्य शुरू करने की दिशा में आवश्यक प्रक्रिया पूरी करना है।
इन दो प्रमुख सड़कों का होगा निर्माण
प्रस्तावित योजनाओं के तहत निम्नलिखित सड़कें विकसित की जाएंगी :
- जोड़ा तालाब से आसनतलिया तक लगभग 900 मीटर लंबी पीसीसी सड़क का निर्माण।
- टोकलो मेन रोड (मिट्टी पहाड़) से हनुमान मंदिर तक लगभग 550 मीटर लंबी पीसीसी सड़क का निर्माण।
आवागमन होगा आसान, विकास को मिलेगा बढ़ावा
इन दोनों सड़क परियोजनाओं के पूरा होने के बाद स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। बरसात के दौरान होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी और क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और अन्य जरूरी सेवाओं तक लोगों की पहुंच भी आसान होगी।
बुनियादी सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता : विधायक सुखराम उरांव
विधायक सुखराम उरांव ने कहा कि चक्रधरपुर नगर परिषद क्षेत्र के सभी वार्डों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े विकास कार्यों को तेजी से धरातल पर उतारा जाएगा, ताकि लोगों को बेहतर सड़क, जल निकासी और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने भरोसा जताया कि जनता के सहयोग और विश्वास के साथ चक्रधरपुर में विकास कार्य निरंतर जारी रहेंगे और क्षेत्र को आधुनिक बुनियादी सुविधाओं से सशक्त बनाया जाएगा।









