सोशल संवाद / रांची : झारखंड विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र में बुधवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का मुद्दा चर्चा के केंद्र में रहा। राज्य सरकार ने इस प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि झारखंड में 38 प्रतिशत से अधिक मतदाता प्रभावित हुए हैं। सरकार के अनुसार, बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम प्रारूप सूची से बाहर हुए हैं या उन्हें संदेहास्पद मानते हुए नोटिस जारी किया गया है।
यह भी पढे : झारखंड विधानसभा में BJP विधायकों का जोरदार प्रदर्शन, हेमंत सरकार पर नियुक्तियों में भ्रष्टाचार का आरोप
2.64 करोड़ से घटकर 2.21 करोड़ हुई मतदाताओं की संख्या
सरकार की ओर से सदन में रखे गए संकल्प के अनुसार, झारखंड में SIR प्रक्रिया से पहले करीब 2.64 करोड़ मतदाता दर्ज थे। वहीं, प्रथम चरण में प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में केवल 2.21 करोड़ मतदाताओं के नाम शामिल किए गए। इस तरह करीब 43 लाख मतदाताओं के नाम प्रारूप सूची में नहीं आए। यह कुल मतदाताओं का लगभग 16 प्रतिशत है।
27 प्रतिशत मतदाताओं को जारी किए गए नोटिस
सरकार ने यह भी दावा किया कि प्रारूप मतदाता सूची में शामिल 2.21 करोड़ मतदाताओं में से लगभग 27 प्रतिशत को संदेहास्पद मानते हुए नोटिस जारी किए गए हैं। संकल्प के मुताबिक, इनमें 75 प्रतिशत से अधिक मामले तार्किक विसंगतियों से जुड़े हैं।
इन विसंगतियों में माता-पिता के नाम की स्पेलिंग में अंतर, उम्र में अंतर और परिवार के सदस्यों या उत्तराधिकारियों की संख्या में गड़बड़ी जैसी बातें शामिल हैं।
38 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं पर असर का दावा
सरकार का कहना है कि राज्य के कुल 2.64 करोड़ मतदाताओं में से 38 प्रतिशत से अधिक ऐसे हैं, जिनके नाम या तो प्रारूप सूची से बाहर हैं या जिन्हें संदेहास्पद मानकर नोटिस जारी किया गया है। इस मुद्दे को उठाते हुए सरकार ने SIR की मौजूदा प्रक्रिया को लेकर चिंता जताई है।
नई SOP तैयार करने की मांग
राज्य सरकार का कहना है कि SIR की प्रक्रिया में दस्तावेजों की अनिवार्यता और तकनीकी विसंगतियों के कारण कई योग्य मतदाताओं को परेशानी हो रही है। सरकार ने प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए नई मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार करने तथा सभी राज्यों और राजनीतिक दलों से चर्चा के बाद पुनरीक्षण कराने की मांग रखी है।
हालांकि, ये आंकड़े राज्य सरकार की ओर से विधानसभा में रखे गए संकल्प और दावों पर आधारित हैं। प्रारूप मतदाता सूची में नाम नहीं होना अंतिम मतदाता सूची से नाम कटने के बराबर नहीं है। दावे और आपत्तियों के जरिए नाम जुड़वाने और सुधार कराने की प्रक्रिया भी महत्वपूर्ण है।











