सोशल संवाद / डेस्क : एक ऐसी दुर्लभ बीमारी, जिसके इलाज की दवा की कीमत सालाना करीब 9 करोड़ रुपये तक है, अब बच्चों को लगभग 2.5 लाख रुपये में उपलब्ध कराई जा रही है। हैदराबाद की बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सिवारंजनी संतोष की पहल से भारत के सात बच्चों को इस दवा की एक साल की खुराक मुफ्त मिलने वाली है। दवा की आपूर्ति नीदरलैंड की एक फार्मेसी की मदद से कम कीमत पर तैयार कराई गई है।
यह भी पढे : Jamshedpur News: JNAC की 52 लाख की पांच योजनाएं अटकीं, नहीं मिल रहे ठेकेदार
इस पहल में Access to Medicines India और नीदरलैंड की Pharmaceutical Accountability Foundation ने भी सहयोग किया है। दवा का नाम टिराट्रिकोल (Tiratricol) है। इसे 30 नवंबर को बच्चों के परिवारों को सौंपे जाने की योजना है।
क्या है यह दुर्लभ बीमारी?
इन सात बच्चों को एलन-हेरंडन-डडली सिंड्रोम (Allan-Herndon-Dudley Syndrome) है। इसे MCT8 Deficiency भी कहा जाता है। यह एक दुर्लभ आनुवंशिक बीमारी है, जिसमें थायरॉइड हार्मोन ठीक से मस्तिष्क की कोशिकाओं तक नहीं पहुंच पाता। इससे बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास पर असर पड़ता है। मांसपेशियों में कमजोरी, चलने-फिरने में परेशानी और विकास में देरी जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
एक महीने की दवा के लिए देने पड़े थे 12 लाख रुपये
इस मुहिम की शुरुआत एक बच्चे आरव की मां पवित्रा की परेशानी से हुई। अपने बच्चे के इलाज के लिए उन्हें जर्मनी से दवा मंगवानी पड़ रही थी। एक महीने की दवा के लिए करीब 12 से 13 लाख रुपये खर्च करने पड़ते थे।
इसके बाद डॉ. सिवारंजनी ने सोशल मीडिया के जरिए मदद की अपील की। उनकी कोशिशों के बाद नीदरलैंड की ट्रांसवाल फार्मेसी ने दवा के सक्रिय तत्व को तैयार करने का विकल्प दिया। इससे सालाना खर्च घटकर प्रति बच्चे करीब 2.5 लाख रुपये रह गया।
सातों बच्चों को मुफ्त मिलेगी दवा
इस पहल के तहत आरव समेत कुल सात बच्चों को एक साल की दवा मुफ्त उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए भारत और नीदरलैंड में लोगों और संस्थाओं की मदद से करीब 15.08 लाख रुपये जुटाए जा रहे हैं। दवा की छह महीने की शेल्फ लाइफ होने के कारण इसे दो चरणों में भारत लाया जाएगा।
भारत में ही दवा बनाने की मांग
डॉ. सिवारंजनी का कहना है कि विदेश से दवा मंगाना स्थायी समाधान नहीं है। उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की है कि दवा के सक्रिय तत्व को भारत में ही तैयार करने की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस बीमारी से पीड़ित बच्चों को कम कीमत पर इलाज मिल सके।











