सोशल संवाद / रांची : प्रतियोगी परीक्षा में कथित धांधली मामले की जांच को लेकर सीआईडी की टीम ने रविवार को देवघर में कार्रवाई की। सीआईडी टीम के नेतृत्व में रिखिया और मोहनपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने रिखिया थाना क्षेत्र के बैद्यनाथपुर के बंधा स्थित किराए के मकान में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान टीम ने वहां से युवक को हिरासत में लिया।
यह भी पढे : कर्नाटक में बाल मजदूरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 800 बच्चे कराए गए मुक्त
पूछताछ के लिए मोहनपुर थाना ले जाया गया, जहां घंटों पूछताछ की गई। उसके बाद देर शाम सीआईडी टीम उसे अपने साथ लेकर रांची रवाना हो गई। वहीं पूरी कार्रवाई को लेकर सीआईडी अधिकारियों ने आधिकारिक तौर पर किसी प्रकार की जानकारी साझा नहीं की। अधिकारियों की ओर से भी इसकी पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे में मामले की वास्तविकता सीआईडी की जांच व आधिकारिक खुलासे के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
जानकारी के अनुसार हिरासत में लिया गया युवक मूल रूप से बिहार के बांका जिले के कटोरिया थाना क्षेत्र का रहने वाला है। वह करीब 10-12 दिन पहले ही रिखिया थाना क्षेत्र के बैद्यनाथपुर में किराए पर रहने आया था। उसी दौरान सीआईडी अधिकारियों को उसके संबंध में गुप्त सूचना मिली। सूचना के सत्यापन के बाद रविवार को टीम ने स्थानीय दो थानों की पुलिस के सहयोग से मकान में छापेमारी की।










