सोशल संवाद / नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी ने वरिष्ठ नेता व पंजाब के सह प्रभारी सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी को भाजपा की बौखलाहट का परिणाम बताया है। ‘‘आप’’ के वरिष्ठ नेता व राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि भाजपा पंजाब में बहुत बुरी तरह से हार रही है और इसी बौखलाहट में सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार कराया है।

यह भी पढे : SIR-2026 की समीक्षा बैठक, आयुक्त ने दिए पारदर्शी मतदाता सूची तैयार करने के निर्देश
सत्येंद्र जैन पंजाब के सह प्रभारी हैं और राज्य में संगठन को मजबूत करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे थे। साथ ही भाजपा सत्येंद्र जैन के बहाने भगवंत मान सरकार के चल रहे अच्छे कामों को रोकने की भी साजिश कर रही है। लेकिन भाजपा की सारी साजिशें नाकाम होंगी। पहले भी सत्येंद्र जैन बाइज्जत बरी हुए थे और इस बार भी होंगे।
संजय सिंह ने कहा कि सत्येंद्र जैन को इसलिए गिरफ्तार किया गया है क्योंकि हर चुनाव से पहले भाजपा यह चाहती है कि आम आदमी पार्टी को दबाकर और साम, दाम, दंड, भेद का इस्तेमाल करके चुनाव जीता जाए। जब दिल्ली का चुनाव हो रहा था, तब तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया गया था। उस वक्त शिक्षा मंत्री रहे मनीष सिसोदिया, स्वास्थ्य मंत्री रहे सत्येंद्र जैन और मुझे भी गिरफ्तार किया गया था। अभी पंजाब का चुनाव है और वहां भाजपा बुरी तरह हार रही है। उसे मालूम है कि वह चुनाव नहीं जीत सकती, इसलिए अपनी खिसियाहट और बौखलाहट में वह यह कार्रवाई कर रही है।
संजय सिंह ने कहा कि सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी इसलिए हुई है क्योंकि वह पंजाब के सह-प्रभारी हैं। वह वहां संगठन निर्माण के काम में जुटे हुए थे और दिन-रात मेहनत कर रहे थे। उनको एक फर्जी, बेबुनियाद और झूठे दो साल पुराने मामले में बिना किसी प्रमाण और सबूत के जबरदस्ती जेल में डाल दिया गया, जबकि उस कथित मामले के समय वह पहले से ही जेल में थे। सत्येंद्र जैन पहले भी बाइज्जत बरी हुए हैं और आगे भी बाइज्जत बरी होंगे। उनके खिलाफ किसी भी प्रकार का कोई मामला नहीं है।
संजय सिंह ने बताया कि यह पूरा मामला सिर्फ प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा की बौखलाहट के साथ-साथ पंजाब में हार के डर का है। इसके अलावा भगवंत मान सरकार पंजाब में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी और किसानों को सिंचाई का पानी देने के मोर्चे पर जो काम कर रही है, लोगों को 10 लाख रुपए का मेडिकल इंश्योरेंस दे रही है और माताओं-बहनों के खाते में 1000-1500 रुपए भेज रही है। यह मामला इस बात का भी है कि उस काम को कैसे रोका और बाधित किया जाए।
वहीं, “आप” की मुख्य प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि मोदी जी इस समय बहुत डरे हुए हैं। देश का युवा उनसे नाराज है। जिन लोगों की आस्था के साथ चंदा चोरी करके भाजपा ने खिलवाड़ किया है, वे लोग भी इनसे नाराज हैं। मोदी जी फिर से एक डर का माहौल बनाना चाहते हैं, लेकिन आम आदमी पार्टी वाले बिल्कुल डरने वाले नहीं हैं। इन्होंने पहले भी हमारे नेताओं को फर्जी मुकदमों में जेल में डाला और कोर्ट से हमें डिस्चार्ज मिला। वह केस इतना कमजोर था कि कोर्ट ने उसे ट्रायल चलाने योग्य भी नहीं समझा। मोदी जी को यह समझना चाहिए कि इन हरकतों से लोग डरने वाले नहीं हैं।
प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि सत्येंद्र जैन पंजाब के सह-प्रभारी हैं और भाजपा जिस समय का यह कथित घोटाला बता रही है, उस समय वह एक फर्जी मामले में पहले से ही जेल में बंद थे। उस समय भाजपा खुद कह रही थी कि यह कथित घोटाला राघव चड्ढा ने किया है। भाजपा ने बकायदा ट्वीट करके कहा था कि राघव चड्ढा ने राजेंद्र नगर की कुर्सी पर बैठकर जल बोर्ड घोटाले को अंजाम दिया है। लेकिन अब न तो राघव चड्ढा को गिरफ्तार किया जा रहा है और न ही उनसे कोई पूछताछ की जा रही है। भाजपा सत्येंद्र जैन पर फर्जी मुकदमा चलाना चाहती है, जो उस समय जेल के अंदर ही थे। भाजपा को यह हरकतें छोड़ देनी चाहिए।
प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि अगर भाजपा को सच में घोटालों की ही जांच करनी है तो वह रेखा गुप्ता के यहां जाए और रेखा गुप्ता व उनकी पूरी कैबिनेट को गिरफ्तार करे। हाल ही में उन्होंने करोड़ों का चावल घोटाला, 700 करोड़ का मेडिकल इक्विपमेंट घोटाला और साइकिल घोटाला किया है, जिसमें 4000 की साइकिल को 7000 रुपए में खरीदा गया। भाजपा ने 90 करोड़ रुपए का वह घोटाला किया है, तो पहले जाकर उनको पकड़ें।
प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि हम इन बातों से नहीं डरने वाले हैं। हमसे मुकाबला करना है तो शिक्षा और हेल्थ केयर में कीजिए। जनता भाजपा के हथकंडे समझ चुकी है। वह इन झूठे और फर्जी मुकदमों से न तो डरने वाली है और न ही अब इनकी बातें मानने वाली है। इसलिए अपने अंदर सुधार लाएं और गवर्नेंस पर काम करें।









