सोशल संवाद / डेस्क : बॉलीवुड की मशहूर फिल्ममेकर और कोरियोग्राफर फराह खान दिवाली के मौके पर अपने घर में आग लगने की खबरों को लेकर चर्चा में आ गईं। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें एक इमारत में आग की लपटें दिखाई दे रही थीं। दावा किया गया कि यह आग फराह खान की मुंबई स्थित बिल्डिंग में लगी है। हालांकि, फराह खान ने इन खबरों को गलत बताते हुए ऑनलाइन पोर्टल्स को जमकर फटकार लगाई है।
यह भी पढे : Katrina Kaif-Vicky Kaushal: दीपावली पर पहली बार दिखा बेटे विहान का चेहरा, एक साल के हुए नन्हे नवाब
वायरल वीडियो पर फराह खान ने दी सफाई
दरअसल, 8 नवंबर को दिवाली के दिन एक पैपराजी पेज ने आग लगने का वीडियो शेयर किया था। वीडियो के साथ दावा किया गया कि फराह खान की बिल्डिंग में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई है। इस खबर के सामने आने के बाद उनके फैंस भी परेशान हो गए।
इसके बाद फराह खान ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर उस वीडियो को शेयर करते हुए सच्चाई बताई। उन्होंने स्पष्ट किया कि वीडियो में दिखाई गई इमारत निर्माणाधीन है और वह उनका घर नहीं है।
‘Clickbait सब कुछ नहीं हो सकता’
फराह खान ने ऑनलाइन पोर्टल्स की रिपोर्टिंग पर नाराजगी जाहिर करते हुए लिखा, “Online portals plss BE RESPONSIBLE!! This is an under construction building!! Clickbait can’t be everything!”
यानी उन्होंने मीडिया पोर्टल्स से जिम्मेदारी के साथ खबरें प्रकाशित करने की अपील की और कहा कि सिर्फ क्लिक और व्यूज पाने के लिए ऐसी भ्रामक खबरें नहीं फैलानी चाहिए।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं खबरें
दिवाली के दौरान वायरल हुए वीडियो में एक निर्माणाधीन इमारत में आग की लपटें दिखाई दे रही थीं। कुछ सोशल मीडिया पोस्ट और ऑनलाइन रिपोर्ट्स में इसे फराह खान की बिल्डिंग से जोड़ दिया गया था। हालांकि, फराह की सफाई के बाद स्पष्ट हुआ कि वीडियो को उनके घर में आग लगने की घटना बताना गलत था।
फराह खान की फिल्मों और व्लॉग्स को लेकर भी रहती है चर्चा
फराह खान बॉलीवुड की मशहूर निर्देशक, कोरियोग्राफर और टीवी पर्सनैलिटी हैं। उन्होंने ‘मैं हूं ना’, ‘ओम शांति ओम’ और ‘हैप्पी न्यू ईयर’ जैसी फिल्मों का निर्देशन किया है। इन दिनों वह अपने यूट्यूब कुकिंग व्लॉग्स को लेकर भी काफी लोकप्रिय हैं। उनके साथ नजर आने वाले कुक दिलीप भी सोशल मीडिया पर काफी चर्चा बटोरते हैं।
फराह खान के इस बयान ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और खबरों की सत्यता जांचने की जरूरत को सामने ला दिया है।











