सोशल संवाद / सरायकेला : श्री श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर, अग्रसेन ठाकुरबारी भवन (धर्मशाला) में आयोजित छत्र पूजन एवं यज्ञ कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता अर्जुन मुंडा अपनी धर्मपत्नी मीरा मुंडा के साथ शामिल हुए। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान लक्ष्मी नारायण से झारखंड तथा देशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
यह भी पढे : सरायकेला-खरसावां पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, 30 पदाधिकारियों का तबादला

इस अवसर पर अर्जुन मुंडा ने सरायकेला की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भूमि अपनी गौरवशाली परंपराओं और धार्मिक आस्था के लिए विशेष पहचान रखती है। अधिष्ठात्री देवी मां पाउड़ी के प्रति लोगों की अटूट श्रद्धा सदियों से इस क्षेत्र की सांस्कृतिक चेतना का अभिन्न हिस्सा रही है। वहीं विश्वप्रसिद्ध सरायकेला छऊ नृत्य इस क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक है, जिसने सरायकेला को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान दिलाई है।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुन्द सहाय, प्रदेश उपाध्यक्ष सरोज सिंह, प्रदेश मंत्री शैलेन्द्र सिंह, रांची महानगर जिलाध्यक्ष वरुण साहू तथा सरायकेला-खरसावां भाजपा जिलाध्यक्ष हरे कृष्ण प्रधान सहित पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे।










